
लखनऊ, 4 अगस्त 2026:
उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। आज मंगलवार समेत पिछले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जबकि पश्चिमी यूपी के भी कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 72 घंटे तक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
6 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार यानी 4 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई है या होगी । पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिलेगी। 5 और 6 अगस्त को दोनों हिस्सों में अधिकांश जिलों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। 7 अगस्त से बारिश की गतिविधियां कुछ कम हो सकती हैं।
मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगह भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। 5 अगस्त को दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 6 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई
बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा 125 मिलीमीटर बारिश कन्नौज के छिबरामऊ में रिकॉर्ड की गई। बहराइच के नानपारा में 104 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी, लखीमपुर खीरी के शारदानगर में 81.6 मिमी, कानपुर नगर में 75 मिमी, बाराबंकी के हैदरगढ़ में 70 मिमी, जौनपुर में 68.6 मिमी और लखनऊ में 66.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इटावा के चकरनगर में 100 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। फिरोजाबाद के शिकोहाबाद और मैनपुरी के करहल में 60-60 मिमी, जबकि आगरा में 55.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पूरे मानसून सीजन में अब भी सामान्य से कम बारिश
हालांकि कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश हुई, लेकिन पूरे मानसून सीजन का आंकड़ा अभी भी सामान्य से पीछे है। 1 जून से 4 अगस्त तक प्रदेश में 281.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 387.7 मिमी मानी जाती है। यानी उत्तर प्रदेश में अब तक करीब 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में अब तक 280.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 415.6 मिमी है। यानी यहां 32 प्रतिशत की कमी बनी हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 282.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 348.6 मिमी से करीब 19 प्रतिशत कम है।
कई जिलों में सामान्य से कई गुना ज्यादा बरसे बादल
दैनिक बारिश के आंकड़ों में कई जिलों ने रिकॉर्ड बनाया। कन्नौज में सामान्य से 1077 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। रायबरेली में 420 प्रतिशत, लखीमपुर खीरी में 375 प्रतिशत, लखनऊ में 343 प्रतिशत, कानपुर नगर में 321 प्रतिशत, बहराइच में 319 प्रतिशत और बाराबंकी में 305 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई।






