
देहरादून, 6 अगस्त 2026:
उत्तराखंड में National Cadet Corps (NCC) का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने मुलाकात की। बैठक में राज्य के सीमांत और दुर्गम इलाकों तक एनसीसी की पहुंच बढ़ाने, नई यूनिट शुरू करने, प्रशिक्षण सुविधाएं मजबूत करने समेत कई अहम विषयों पर चर्चा हुई।
नई यूनिट और आधुनिक सुविधाओं पर जोर
बैठक के दौरान युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के लिए आधुनिक Training Infrastructure विकसित करने पर खास फोकस रहा। एनसीसी महानिदेशक ने मुख्यमंत्री को राज्य में प्रस्तावित NCC Academy की योजना और भविष्य की तैयारियों की जानकारी भी दी। उनका कहना था कि उत्तराखंड जैसे सीमांत राज्य में एनसीसी की भूमिका काफी अहम है। ज्यादा से ज्यादा युवाओं को संगठन से जोड़कर उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
युवाओं के व्यक्तित्व विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व विकास और Leadership Skills तैयार करने का मजबूत मंच है, जो राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है।
योजनाओं को मिलेगा सरकार का सहयोग
मुख्यमंत्री ने एनसीसी के विस्तार, नई आधारभूत सुविधाओं और प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उनका कहना था कि इन प्रयासों से उत्तराखंड के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रसेवा के ज्यादा अवसर मिलेंगे।






