Prayagraj

Rahul Gandhi के Student Dialogue पर सस्पेंस, ग्राउंड बुकिंग रद्द होने पर भड़के अजय राय

प्रयागराज में 8 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले नया विवाद, ट्रस्ट ने पढ़ाई प्रभावित होने, बारिश से मैदान खराब होने का हवाला देकर अनुमति वापस ली, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इसे दबाव की राजनीति बताते हुए कार्यक्रम तय तारीख पर कराने का दावा किया

प्रयागराज, 6 अगस्त 2026:

प्रयागराज में राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद से पहले KP Ground की बुकिंग रद्द होने पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने इसे भाजपा सरकार की दबाव की राजनीति बताते हुए कहा कि चाहे जितनी रुकावटें खड़ी की जाएं, 8 अगस्त को प्रयागराज में राहुल गांधी का छात्र संवाद हर हाल में होगा।

पेपर लीक आंदोलन के बाद यूपी में हुआ कार्यक्रम का एलान

बता दें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले कोटा व देहरादून में छात्र संवाद कार्यक्रम किया था। इस बीच पेपर लीक को लेकर CJP के संसद मार्च व विपक्षी दलों के विरोध और हंगामे के बाद यूपी के प्रयागराज में कार्यक्रम का एलान किया गया था। छात्र संवाद में पेपर लीक मुख्य मुद्दा बताया गया। आठ अगस्त को इस कार्यक्रम के लिए कायस्थ पाठशाला KP ग्राउंड की बुकिंग भी हो गई। पंडाल लगाने का काम भी शुरू हो गया था।

ये भी पढ़ें:

ट्रस्ट अध्यक्ष ने पढ़ाई प्रभावित होने व मैदान की हालत खराब होने की बात कहकर नहीं दी अनुमति

अब हंगामा उस समय खड़ा हो गया जब मैदान का संचालन करने वाले KP ट्रस्ट ने अचानक अनुमति वापस ले ली। ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेन्द्र नाथ सिंह ने शहर कांग्रेस कमेटी को भेजे पत्र में कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशों के मुताबिक स्कूलों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम होने पर दो स्कूलों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है। साथ ही लगातार बारिश से मैदान की हालत खराब होने की बात भी कही गई है। ट्रस्ट ने कांग्रेस से जमा टोकन राशि वापस लेने को कहा है।
rahul-gandhi-student-dialogue-prayagraj-kp-ground-booking-canceled-controversy

अजय राय बोले-युवाओं की आवाज दबा नहीं सकती भाजपा सरकार

इसी मामले को लेकर गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पहले कोटा, फिर देहरादून, अब प्रयागराज में भी छात्र संवाद को रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन युवाओं की आवाज दबाई नहीं जा सकती। उन्होंने छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षार्थियों, युवाओं से कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी आवाज सीधे राहुल गांधी तक पहुंचाने की अपील भी की। जिला प्रवक्ता हसीब अहमद ने आरोप लगाया कि सरकारी दबाव में ट्रस्ट ने अनुमति रद्द की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों से पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, महंगी शिक्षा, बेरोजगारी, CBSE परीक्षा जैसे मुद्दों पर संवाद करेंगे। कार्यक्रम तय समय पर ही होगा।

लीगल टीम कर रही विकल्पों पर काम

कांग्रेस शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने कहा कि ट्रस्ट का पत्र मिल गया है। पार्टी की लीगल टीम ट्रस्ट पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर रही है। जरूरत पड़ने पर हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। उनके मुताबिक अब तक करीब 1.74 लाख छात्रों ने कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
rahul-gandhi-student-dialogue-prayagraj-kp-ground-booking-canceled-controversy (2)

दो करोड़ का पंडाल, तीन लाख छात्रों का दावा

कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पंडाल तैयार किया जा रहा था। राहुल गांधी की एंट्री के लिए विशेष कॉरिडोर बनाया जा रहा था, आतिशबाजी की भी तैयारी थी। पार्टी के मुताबिक 8 अगस्त की शाम करीब 5 बजे राहुल गांधी लगभग तीन लाख छात्रों से संवाद करने वाले हैं।

ये भी पढ़ें  मंदिर गिराने से मुकरा ड्राइवर...नायब तहसीलदार ने खुद उठाई हथौड़ी, हाथ जोड़े खड़ीं रहीं एसडीएम

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button