Uttarakhand

Art से लेकर Science तक, उत्तराखंड की 13 महिलाओं को मिलेगा ‘तीलू रौतेली’ सम्मान

प्रदेश के सभी 13 जिलों से चुनी गईं प्रेरणादायक महिलाएं, 35 Anganwadi कार्यकत्रियां भी होंगी सम्मानित, 8 अगस्त को देहरादून में होगा राज्य स्तरीय समारोह

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 6 अगस्त 2026:

13 जिलों की महिलाओं को मिलेगा बड़ा सम्मान

उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन किया है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी सूची के मुताबिक प्रदेश के सभी 13 जिलों से एक-एक महिला को इस सम्मान के लिए चुना गया है। इसके साथ ही 35 उत्कृष्ट Anganwadi कार्यकत्रियों को भी उनके बेहतर काम के लिए सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तरीय सम्मान समारोह 8 अगस्त को देहरादून में आयोजित होगा।

कई क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली महिलाओं का चयन

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार उन महिलाओं को दिया जाता है जिन्होंने मुश्किल हालात में आगे बढ़कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस बार चयनित महिलाओं ने संस्कृति, कला, खेल, वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार, समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण, दिव्यांगजन कल्याण जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है।

साहस और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बना सम्मान

रेखा आर्या ने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली के नाम पर दिया जाने वाला यह पुरस्कार आज महिलाओं के साहस, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता की पहचान बन चुका है। सरकार का प्रयास है कि ऐसी महिलाओं की उपलब्धियां ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचें, जिससे दूसरी महिलाएं और युवा पीढ़ी भी उनसे प्रेरणा ले सके।

35 Anganwadi कार्यकत्रियां भी होंगी सम्मानित

मंत्री ने कहा कि Anganwadi कार्यकत्रियां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा और महिला जागरूकता जैसे कामों में अहम भूमिका निभाती हैं। इसी योगदान को देखते हुए इस वर्ष 35 उत्कृष्ट Anganwadi कार्यकत्रियों को भी राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

इन्हें मिलेगा रौतेली पुरस्कार

– संस्कृति एवं कला- पुष्पा फर्त्याल (अल्मोड़ा)
– कृषि एवं स्वरोजगार- दया दानू (बागेश्वर)
– संगीत एवं शिक्षा- नन्दा सती (चमोली)
– पर्यावरण एवं वैज्ञानिक शोध- रितीका बगौली (चम्पावत)
– दिव्यांगजन सशक्तीकरण- नीतू रानी (देहरादून)
– समाजसेवा एवं बाल अधिकार- वैशाली शर्मा (हरिद्वार)
– ताइक्वांडो- लतिका (नैनीताल)
– महिला स्वरोजगार- प्रियंका नेगी ध्यानी (पौड़ी)
– डेयरी एवं जैविक कृषि- कलावती देवी (पिथौरागढ़)
– महिला स्वावलंबन- दुर्गा देवी (रुद्रप्रयाग)
– समाजसेवा- सरिता कोठियाल (टिहरी)
– पैरा एथलेटिक्स- पुष्पा देवी (ऊधम सिंह नगर)
– कृषि एवं समाजसेवा- स्वाती बधानी (उत्तरकाशी)

ये भी पढ़ें  बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: चुनौती स्वीकार, बीकेटीसी अध्यक्ष बोले- तारीख-समय तय करें

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button