वाराणसी : प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध युवक के बैग से मिले 16 लाख…पुलिस को बताई ये कहानी
लेनदेन के कोई कागज नहीं दिखा पाया युवक, कहा-कटे-फटे नोट बदलकर ली थी रकम, आयकर विभाग को दी गई सूचना, हवाला या टैक्स चोरी से तार जुड़े होने की आशंका
विकास गोंड
वाराणसी, 21 अप्रैल 2026:
वाराणसी जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसके पास एक बैग से करीब 16 लाख रुपये नकद बरामद किए। बड़ी रकम मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सक्रियता और बढ़ा दी है। युवक ने बताया वो कटे-फटे नोट बदलकर ये रकम लेकर जा रहा था।
प्लेटफॉर्म संख्या 8-9 पर टीम पहले से अलर्ट थी। मुखबिर से इनपुट मिलने के बाद संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान एक युवक इधर-उधर घूमता दिखा, जिस पर शक होने पर उसे रोका गया। तलाशी में उसके बैग से नोटों की गड्डियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया युवक शाहजहांपुर का रहने वाला है, जिसकी पहचान रवि गुलाटी के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुद को कॉस्मेटिक कारोबारी बताया। उसका कहना है कि वह कटे-फटे नोट बदलवाने वाराणसी आया था और बदले में छोटे नोट लेकर लौट रहा था, लेकिन इस लेनदेन से जुड़ा कोई दस्तावेज वह नहीं दिखा सका।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने पूरी रकम जब्त कर ली है। इसकी सूचना आयकर विभाग को भेज दी गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मामला हवाला या टैक्स चोरी से जुड़ा हो सकता है। पुलिस के मुताबिक युवक पहले भी कई बार वाराणसी आ चुका है, जिससे जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है।






