एंटरटेनमेंट डेस्क, 9 जून 2026:
अगर आपको लगता है कि आपने विजय सेतुपति को हर तरह के किरदार में देख लिया है तो जरा ठहरिए क्योंकि इस बार जो कहानी आपके सामने आ रही है वह रहस्य, एक्शन और भावनाओं का ऐसा तूफान लेकर आई है जो आपके होश उड़ा सकती है। हाल ही में विजय सेतुपति की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्लमडॉग: 33 टेंपल रोड’ का टीजर रिलीज किया गया।
सोशल मीडिया पर फैंस में विजय सेतुपति के नए लुक को लेकर चर्चा होनी शुरू हो गई है। टीजर की शुरुआत एक बेहद भावुक और झकझोर देने वाले दृश्य से होती है जहां भिखारियों की दर्दनाक जिंदगी की झलक दिखाई जाती है। कहानी में कई ट्विस्ट ऐसे हैं जिसे देखकर दर्शकों के मन में सवाल आता है कि क्या विजय सेतुपति का किरदार सचमुच अंधा है या इस चेहरे के पीछे कोई राज छिपा है?

फिल्म के निर्देशक पुरी जगन्नाथ हैं जिन्होंने इससे पहले ‘पोकिरी’ और ‘बिजनेसमैन’ जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं और इस बार भी उन्होंने एक ऐसा किरदार तैयार किया है जो रहस्य और रोमांच से भरपूर दिखाई दे रहा है। फिल्म में संयुक्ता मुख्य अभिनेत्री के रूप में नजर आएंगी जबकि तब्बू एक सख्त पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखाई देंगी। वहीं कन्नड़ सुपरस्टार दुनिया विजय खतरनाक विलेन के किरदार में नजर आने वाले हैं।
फिल्म में जबरदस्त एक्शन, इमोशनल मोमेंट्स और सस्पेंस का ऐसा मिश्रण देखने को मिल सकता है जो दर्शकों को खूब भायेगा। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार हर्षवर्धन रामेश्वर ने तैयार किया है वहीं सैमके नायडू की सिनेमैटोग्राफी और विजुअल्स फिल्म को भव्य बनाते हैं।

पुरी कनेक्ट्स और जेबी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। मेकर्स ने अभी फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी समेत पूरे भारत में बड़े स्तर पर रिलीज की जाएगी।






