लखनऊ, 5 जून 2026:
विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तर प्रदेश को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई अहम सौगातें मिलीं। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2741 करोड़ रुपये की लागत वाली उत्तर प्रदेश स्वच्छ वायु प्रबंधन परियोजना की शुरुआत की।
विश्व बैंक के सहयोग से शुरू हुई यह देश की पहली एयर शेड आधारित परियोजना है। कार्यक्रम में विश्व बैंक की एशिया क्षेत्र की प्रैक्टिस मैनेजर एन जैनेट ग्लोबर और यूपी कैंप की मुख्य कार्यपालक अधिकारी बी चंद्रकला ने परियोजना से जुड़े एमओयू का हस्तांतरण किया।
मुख्यमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम महाअभियान का शुभारंभ भी किया। इसके साथ ही यूपी कैंप के लोगो और वेबसाइट का अनावरण किया गया। यूपी कैंप की गतिविधियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की 100 आर्द्रभूमियों की अधिसूचना से जुड़े संकलन और वेटलैंड पोर्टल को भी लॉन्च किया गया।
35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य वाले एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण महाअभियान 2026 के लोगो का अनावरण भी किया गया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के शुभंकर को भी पहली बार सार्वजनिक किया गया। इस दौरान श्रावस्ती के गुलरा (केन नाला) क्षेत्र को बायोडायवर्सिटी हेरिटेज साइट के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई।

बलिया का सुरहा ताल देश का 100वां और उत्तर प्रदेश का 13वां रामसर स्थल घोषित हुआ। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने इसका प्रमाणपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी रामसर स्थलों पर आधारित डॉकेट और बुकलेट का भी विमोचन किया।
यूपी कैंप लोगो डिजाइन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में 100 स्कूलों के करीब 2000 विद्यार्थियों के साथ पेशेवर डिजाइनरों ने भी भाग लिया।
प्रथम पुरस्कार ललितपुर की कक्षा 7 की छात्रा माही रजा को 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार कन्नौज की कक्षा 5 की छात्रा सुंबुल फातिमा को 25 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार मीरजापुर की कक्षा 10 की छात्रा श्रद्धा को 10 हजार रुपये दिया गया।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। अजय कुमार दुबे को प्रथम पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये, सृष्टि शुक्ला को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये और सुधाकर को तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये दिए गए।
वेटलैंड अभियान से जुड़े ग्राम प्रधानों में मुख्यमंत्री ने मंच पर बाराबंकी के राजकिशोर वर्मा और सुशील कुमार सिंह, चित्रकूट के मंटू सिंह, अयोध्या के मंशाराम, फर्रुखाबाद के हरेंद्र सिंह तथा चंदौली की अनीता देवी को सम्मानित किया।






