अनिल निषाद
अयोध्या, 9 जून 2026ः
यूपी के अयोध्या में गोसाईगंज कस्बे में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, नीट पेपर लीक और किसानों-व्यापारियों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। नेताओं ने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।
अंबेडकरनगर के सांसद एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव लालजी वर्मा ने कहा कि नौजवानों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के हितों की रक्षा के लिए पार्टी संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने में जुटा है और जनता के सहयोग से वर्ष 2027 में सत्ता परिवर्तन होगा। उन्होंने नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दों को उठाते हुए युवाओं की समस्याओं के समाधान की आवश्यकता बताई। पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र प्रभारी लौटन राम निषाद ने कहा कि भारतीय संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को इसके संरक्षण के लिए एकजुट होना चाहिए। प्रदर्शन में विधानसभा अध्यक्ष सियाराम निषाद, जिला उपाध्यक्ष बैस अंसारी, सपा के प्रवक्ता लवलेश पांडेय, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामसागर वर्मा, धर्मवीर वर्मा, राजेश पटेल, स्नेहलता निषाद, रोली यादव, बिंदेश्वरी यादव, अजीत कुमार पटेल, गयाप्रसाद यादव आदि मौजूद रहे।






