Lucknow City

CJP मुखिया अभिजीत दीपके ने युवाओं में भरा दिल्ली कूच का जोश, कहा… आंदोलन भी देशभक्ति

ईको गार्डन पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके, लेखपाल, यूपीएसआई, नीट और सीबीएसई समेत विभिन्न परीक्षाओं को लेकर छात्रों ने उठाई आवाज, प्रदर्शन में हजारों अभ्यर्थियों की मौजूदगी रही, सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा, सीजेपी के प्रदर्शन का विरोध भी हुआ

लखनऊ, 12 जून 2026:

राजधानी के इको गार्डन में शुक्रवार को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों ने पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। आयोजकों के मुताबिक प्रदर्शन में करीब छह हजार छात्र और अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें वनडे परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवार भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके भी इको गार्डन पहुंचे। वह करीब 40 मिनट तक कार्यक्रम स्थल पर रहे और अभ्यर्थियों को संबोधित किया। दोपहर करीब डेढ़ बजे संविधान की प्रति हाथ में लेकर पहुंचे दीपके को पुलिस सुरक्षा घेरे में कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया।

सभा में अभिजीत दीपके ने कहा कि देश में बड़े बदलाव आंदोलनों के जरिए आए हैं। उन्होंने कहा कि आजादी से लेकर लोकतंत्र की रक्षा तक आंदोलनों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने अभ्यर्थियों से 20 जून को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि लेखपाल, यूपीएसआई, नीट और सीबीएसई समेत जिन भी परीक्षाओं के पेपर लीक के लिए जो लोग जिम्मेदार हैं, उन्हें जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।

सुबह 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में छात्र पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे। अभ्यर्थियों ने पेपर लीक बंद करने और यूपीएसआई का स्कोर कार्ड जारी करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। हालांकि प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों और अभ्यर्थियों ने कॉकरोच जनता पार्टी की मौजूदगी पर आपत्ति भी जताई। उनका कहना था कि आंदोलन छात्रों का है और इसका किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है।

विरोध कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक हस्तक्षेप से आंदोलन का मूल मुद्दा कमजोर हो सकता है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इको गार्डन परिसर में रैपिड एक्शन फोर्स, पीएसी और स्थानीय पुलिस के 1500 से अधिक जवान तैनात रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button