न्यूज डेस्क, 14 जून 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा के बगुलिया स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में आयोजित जन-जन की सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में हिस्सा लिया। तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में उनका स्वागत फूल मालाओं, थारू नृत्य से किया गया। इस दौरान सीएम ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए आखिरी व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही।
यहां हुई सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन पर सकारात्मक असर डाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने तकनीक और पारदर्शिता के जरिए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिससे व्यवस्था में भरोसा बढ़ा है। उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई संपर्क जैसे क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। समान नागरिक संहिता लागू करने और नकल विरोधी कानून को प्रदेश की बड़ी उपलब्धियों में गिनाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। सरकार की कोशिश है कि विकास का फायदा आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। खटीमा को अपना परिवार बताते हुए धामी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने लोगों से उत्तराखंड को देश के सबसे बेहतर राज्यों में शामिल करने के अभियान में भागीदार बनने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता और अनुदान वितरित किए गए। मत्स्य विभाग ने संजीत कुमार को 1.80 लाख रुपये और परदेशी राय को 1.20 लाख रुपये की सहायता दी। कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों और किसान समितियों को फार्म मशीनरी बैंक स्थापना के लिए अनुदान दिया, जबकि 22 किसानों को रासायनिक उर्वरक वितरित किए गए।
समाज कल्याण विभाग ने 10 लोगों को सहायक उपकरण दिए। स्वास्थ्य विभाग ने जननी सुरक्षा योजना के तहत पांच महिलाओं को लाभान्वित किया। सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल योजना के अंतर्गत आठ लोगों को शून्य ब्याज दर पर एक-एक लाख रुपये के ऋण के चेक वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत सद्भावना सीएलएफ की ओर से संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।






