Lucknow City

12 साल की उपलब्धियों संग जनकल्याण शिविर… सैकड़ों लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

मलिहाबाद ब्लॉक में विधायक जयदेवी कौशल ने किया शुभारंभ, योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने की अपील की, स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, पेंशन और प्रमाण पत्र जैसी सुविधाओं के लिए उमड़ी भीड़, स्वास्थ्य मेले में डॉक्टरों ने मुफ्त जांच कर दवाएं बांटी

प्रमोद कुमार

मलिहाबाद (लखनऊ), 15 जून 2026:

मलिहाबाद विकास खंड सभागार में सोमवार को जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विकास और जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया।

विधायक जयदेवी कौशल ने शिविर का उद्घाटन करने के बाद विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी और स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौजूद लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आम लोगों को जरूरी सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराना इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है।

12 Years of Governance Successes in Public Welfare (1)

शिविर में आयुष्मान कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र समेत कई सरकारी योजनाओं से जुड़े पंजीकरण और आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर ही अपने दस्तावेजों से संबंधित काम पूरे कराए।

स्वास्थ्य मेले में डॉक्टरों की टीम ने लोगों की बीपी और शुगर की जांच के साथ जरूरतमंद मरीजों को दवाएं भी वितरित कीं। स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को बीमारियों से बचाव और नियमित जांच के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में पहुंचे स्थानीय लोगों ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में इस तरह के आयोजन लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मददगार साबित हो रहे हैं। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा, खंड विकास अधिकारी सृजना शुक्ला, मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी, कामता प्रसाद, भाजपा कार्यकर्ता व तमाम नागरिक मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button