बाराबंकी, 17 जून 2026:
बाराबंकी के नगर कोतवाली इलाके में लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट की पार्किंग से कार का शीशा तोड़कर करोड़ों रुपये के गहने चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का दावा है कि चोर करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक बदोसराय निवासी इकराम खान, जो फिलहाल लखनऊ में रहते हैं, मंगलवार रात परिवार के साथ बहराइच से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में रात करीब नौ बजे उन्होंने हाईवे किनारे स्थित शंग्रीला फैमिली रेस्टोरेंट पर खाना खाने के लिए गाड़ी रोकी।
परिवार ने कार पार्किंग में खड़ी की और भोजन के लिए रेस्टोरेंट के अंदर चला गया। करीब एक घंटे बाद लौटने पर कार की खिड़की का शीशा टूटा मिला। कार के अंदर रखा गहनों और नकदी से भरा बैग गायब था। इकराम खान ने बताया कि उनके लखनऊ स्थित घर पर उस समय कोई मौजूद नहीं था। इसी वजह से सुरक्षा के लिहाज से परिवार के कीमती जेवर साथ रखे गए थे। उनका कहना है कि चोरी हुए बैग में करीब एक करोड़ रुपये के सोने के जेवर और 30 हजार रुपये नकद थे।

उन्होंने आशंका जताई कि कार में महिलाओं के मौजूद होने और सामान रखने की गतिविधियों पर किसी की नजर पड़ गई होगी, जिसके बाद चोरों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रेस्टोरेंट शाम के समय काफी व्यस्त रहता है और यहां बड़ी संख्या में वाहन खड़े होते हैं। ऐसे में भीड़भाड़ के बीच हुई इस चोरी ने पार्किंग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।






