Lucknow City

लखनऊ अग्निकांड : छात्रों सहित कई की मौत, CM योगी अलीगढ़ दौरा छोड़ तुरंत राजधानी लौटे

डीजीपी और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर भेजा, मांगी रिपोर्ट, बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

लखनऊ/अलीगढ़, 22 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया चौराहे के पास तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड में छात्रों समेत कई लोगों की मौत होने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया। अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जैसे ही उन्हें हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल कार्यक्रम समाप्त कर राजधानी लखनऊ के लिए प्रस्थान कर दिया।
lucknow-aliganj-coaching-fire-accident-cm-yogi-returns-aligarh-visit

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भावुक स्वर में कहा कि मेरी इच्छा थी कि मैं यहां रुकूं लेकिन जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है। कुछ बच्चे अग्निकांड की चपेट में आ गए हैं। इसमें कुछ बच्चों की दुखद मृत्यु हुई है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। मुझे भी तत्काल लखनऊ लौटना पड़ रहा है।
lucknow-aliganj-coaching-fire-accident-cm-yogi-returns-aligarh-visit

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं और अन्य मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित और त्वरित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर जाकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि पूरे मामले की गहराई से जांच कराई जाएगी और हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हुए प्रशासन को राहत कार्यों में पूरी तत्परता से जुटने के निर्देश दिए।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button