हरदोई, 23 जून 2026:
हरदोई के सवायजपुर इलाके में एक परिवार की खुशियों पर तब पानी फिर गया जब शादी के दिन रात तक बारात नहीं पहुंची। लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे और उसके परिवार ने शादी से पहले 10 लाख की नकदी, जेवर और अन्य सामान लेने के बाद बारात लाने से इनकार कर दिया। बाद में बुलेट की मांग भी रखी गई। मामले में दूल्हे समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सवायजपुर क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी फर्रुखाबाद जिले के जिराऊ निवासी आकाश सिंह से तय की थी। परिवार के मुताबिक, 19 मार्च को हुई वरिक्षा की रस्म में दो लाख रुपये नकद, सोने की जंजीर और करीब एक लाख रुपये का अन्य सामान दिया गया था।
इसके बाद 17 जून को तिलक समारोह में पांच लाख रुपये नकद, दो सोने की अंगूठियां और करीब दो लाख रुपये अन्य इंतजामों पर खर्च किए गए। इस तरह शादी से पहले ही लड़की पक्ष 10 लाख रुपये से ज्यादा खर्च कर चुका था।
21 जून को बारात आने की तैयारी के लिए परिवार ने गेस्ट हाउस पर 1.10 लाख रुपये, खाने के इंतजाम पर ढाई लाख रुपये और हलवाई पर 32 हजार रुपये खर्च किए थे। रात 11 बजे तक बारात नहीं पहुंची तो लड़की के पिता ने समधी इंद्रपाल से संपर्क किया। आरोप है कि उन्हें बताया गया कि लड़का घर से कहीं चला गया है और उसका कोई पता नहीं चल रहा है, इसलिए बारात नहीं आएगी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बाद में दूल्हे पक्ष और उनके रिश्तेदारों ने बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रखी। कहा गया कि जब तक बाइक नहीं मिलेगी, तब तक शादी नहीं होगी। विरोध करने पर अभद्रता की गई। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे आकाश सिंह, उसके पिता इंद्रपाल, मां प्रविता देवी, भाइयों विशाल और मनी के अलावा रिश्तेदार विवेक और राजकुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






