Uttarakhand

Char Dham Yatra के बीच CM धामी का संदेश, देवभूमि में अफवाहों की नहीं, आस्था की हो यात्रा

सचिवालय में हाईप्रोफाइल बैठक आयोजित, हेमकुंड यात्रा में पिछले साल से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे, कर्णप्रयाग और नगरासू से जुड़े मामलों में जांच जारी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों को दी सख्त चेतावनी

देहरादून, 23 जून 2026:

चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के बीच उत्तराखंड सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत है। उन्होंने लोगों से यात्रा का आनंद लेने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता की अनमोल धरोहर है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान करना राज्य की परंपरा का हिस्सा है। अतिथि देवो भवः की भावना के साथ हर आगंतुक का स्वागत किया जाता है।

बैठक में कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आए मामलों की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर प्रशासन और पुलिस कार्रवाई कर रहे हैं। जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कदम उठाए गए हैं और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले साल के मुकाबले 25 हजार अधिक दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे सिख धर्म के प्रमुख आस्था स्थल मौजूद हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करना राज्य की संस्कृति का अहम हिस्सा है।

सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ संदेश फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में नफरत फैलाने या समुदायों को बांटने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोगों ने मिलकर देश की तरक्की में योगदान दिया है और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसी भी ऐसी गतिविधि को स्वीकार नहीं करेगी, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचे या किसी धर्म और आस्था को नुकसान पहुंचे। संवाद और आपसी सौहार्द के जरिए ही समस्याओं का समाधान संभव है।
char-dham-yatra-cm-dhami-message-uttarakhand-rumors-action

बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, अपर मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, डीजी अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और तृप्ति भट्ट मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button