प्रयागराज, 4 जुलाई 2026:
प्रयागराज के हंडिया इलाके में 22 दिन के भीतर दो सगे भाइयों की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले छोटे भाई का शव पेड़ से लटका मिला था, अब बड़े भाई का शव घर के पास बने टिन शेड में फंदे से लटका मिला है। दोनों मामलों को जोड़ते हुए परिजनों ने जमीन विवाद का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने Murder की FIR दर्ज कर ली है। इसमें सपा विधायक हाकिमलाल बिंद समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है।
बनपुरवा सरांयपीथा गांव निवासी सुशील कुमार गौतम का शव शुक्रवार सुबह घर के पास भूसा रखने के लिए बने बिना दरवाजे वाले कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने पर शव नीचे उतारने से इनकार कर दिया और मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग की।
सुबह से शुरू हुआ विरोध करीब नौ घंटे तक चलता रहा। एडीएम, डीसीपी, एडीसीपी, एसडीएम, फॉरेंसिक टीम समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया, तब दोपहर बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
सुशील तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और राजगीर का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी ज्ञानवती देवी, दो बेटे दिव्यांश, शिवांग और बेटी करिश्मा हैं। परिवार का कहना है कि 11 जून को सुशील के छोटे भाई संतोष कुमार का शव भी संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला था। उस समय भी हत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब दूसरी मौत के बाद परिवार का गुस्सा और बढ़ गया है।

मृतक के बड़े भाई सुनील कुमार ने प्रशासन को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों भाइयों की हत्या की गई। शिकायत में हंडिया से सपा विधायक हाकिमलाल बिंद, गायिका सुमित्रा नंदिनी, उसके भाई अमित गौतम, गौरी और संजय गौतम को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।
पुलिस ने मामले में गौरी नाम की एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
उधर, विधायक हाकिमलाल बिंद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि घटना से उनका कोई संबंध नहीं है, वह मृतक को भी नहीं जानते। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं परिजनों और ग्रामीणों ने धनूपुर बाजार में कुछ समय के लिए सड़क जाम कर विरोध भी दर्ज कराया, जिसे अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म कराया गया।






