Lucknow CityUttar Pradesh

UP में विजिलेंस का डबल एक्शन, मुरादाबाद और जौनपुर में दो अफसरों को रिश्वत लेते दबोचा

मुरादाबाद में बीज सत्यापन के नाम पर 70 हजार रुपये मांगने का आरोप, पहली किस्त लेते ही उपनिदेशक पकड़े गए, दूसरी कार्रवाई में जौनपुर में चकबंदी कानूनगो रिपोर्ट लगाने के बदले रिश्वत लेते गिरफ्तार, दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज

लखनऊ, 24 जुलाई 2026:

उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई शुक्रवार को दो जिलों में देखने को मिली। मुरादाबाद में राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था के उपनिदेशक रूप सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं जौनपुर के शाहगंज में चकबंदी कानूनगो अनिल कुमार भी 10 हजार रुपये लेते हुए विजिलेंस टीम के हत्थे चढ़ गए। दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद गोपनीय जांच कर ट्रैप लगाया गया था।

बीज सत्यापन के बदले मांगे थे 70 हजार रुपये

मुरादाबाद के मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि बीज का सत्यापन और टैग जारी करने के बदले उपनिदेशक रूप सिंह ने 70 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने रकम ज्यादा होने की बात कही तो आरोप है कि रूप सिंह ने पहले 10 हजार रुपये देने और बाकी रकम अगस्त के दूसरे हफ्ते में देने की बात कही।

ये भी पढ़ें:

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान बरेली सेक्टर ने मामले की जांच कराई। आरोप सही मिलने पर टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते समय रूप सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

रिपोर्ट लगाने के नाम पर कानूनगो फंसा

दूसरी कार्रवाई जौनपुर के शाहगंज तहसील में हुई। शिकायतकर्ता मान सिंह ने सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी में शिकायत दी थी कि चकबंदी कार्यालय में दाखिल आपत्ति पर रिपोर्ट लगाने के बदले कानूनगो अनिल कुमार 10 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद वाराणसी सेक्टर की ट्रैप टीम ने शाहगंज तहसील गेट पर कार्रवाई की। टीम ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते समय अनिल कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस ने हेल्पलाइन पर शिकायत की अपील

सतर्कता अधिष्ठान ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन 9454401866 पर की जा सकती है। वाराणसी सेक्टर के लिए 9454401222 नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

ये भी पढ़ें  झांसी : कृषि विज्ञान केंद्र बना किसानों की समृद्धि का आधार, उन्नत बीज और तकनीक से बढ़ेगी पैदावार

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button