लखनऊ, 25 जुलाई 2026:
लखनऊ विश्वविद्यालय व परिवर्तन चौक पर शनिवार को समाजवादी छात्र सभा व अन्य संगठनों ने नीट पेपर लीक व एलयू कुलपति द्वारा फीस वृद्धि और छात्रों के निष्कासन के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्र दोपहर करीब 2 बजे विश्वविद्यालय के गेट नंबर 1 पर जुटे और नारेबाजी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकते हुए बस में लादकर ईको गार्डन भेज दिया।
परिवर्तन चौक पर रहे हंगामेदार हालात
परिवर्तन चौक पर BAPSSA व अन्य संगठन के विरोध प्रदर्शन के दौरान आसपास हॉस्टल के छज्जों पर छात्रों ने अर्धनग्न होकर अपना समर्थन जताया। छात्रों के गुस्से का आलम ये था कि ट्रैफिक रुकने लगा। हाथों में पोस्टर लिए छात्र नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने इन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस से भी बहस होने लगी। फिलहाल यहां देर तक हंगामेदार हालात बने रहे। आखिरकार पुलिस ने इन्हें जबरन बस में भरा और वहां से रवाना कर दिया।
छात्र नेता आदित्य पांडेय के नेतृत्व में हुए इस
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। छात्रों ने पेपर लीक के मामलों पर नाराजगी जताते हुए परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ रोकने की मांग की।

एलयू के कुलपति द्वारा फीस वृद्धि और छात्र निष्कासन पर फूटा गुस्सा
समाजवादी छात्र सभा ने लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। छात्र नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती फीस से विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय के कुलपति की ओर से छात्रों के निष्कासन के मामलों पर भी विरोध जताया। छात्र नेताओं का कहना था कि छात्रों की समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए होना चाहिए। किसी भी विवाद की स्थिति में छात्रों की बात सुने बिना कार्रवाई किए जाने का विरोध किया गया।

लाठीचार्ज के खिलाफ भी प्रदर्शन, पुनर्विचार की मांग रखी
छात्रों ने अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों के दौरान विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किए जाने के मुद्दे को भी उठाया। छात्र सभा ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर बल प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने छात्र हितों से जुड़े मामलों में संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की। धरने के दौरान छात्र नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, छात्रों की समस्याओं का समाधान और विश्वविद्यालय स्तर पर फीस वृद्धि व निष्कासन जैसे मामलों पर पुनर्विचार की मांग रखी।
शिक्षा-परीक्षा के प्रति जवाबदेही तय करे सरकार
छात्र सभा ने पेपर लीक समेत शिक्षा व परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय करने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय गेट नंबर 1 पर छात्रों की मौजूदगी रही। छात्र सभा की ओर से कहा गया कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।






