एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 28 जुलाई 2026:
नगराम में हेलमेट का चालान और बिजली के बकाया बिल के हिसाब के बहाने पुलिस व विद्युत विभाग आमने-सामने आ गया। संविदा लाइनमैन का 6 हजार रुपये का चालान काटे जाने से नाराज बिजलीकर्मियों ने पुलिस को तीन साल पुराना बकाया याद दिला दिया। कर्मचारियों ने नगराम थाने की बिजली काटने के साथ हरदोइया चौकी व देवीखेड़ा पुलिस बूथ की सप्लाई भी बंद कर दी। रात में थाने की बत्ती गुल हुई तो पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
6 हजार का चालान, 8 हजार मानदेय
लेसा के समेसी उपखंड में तैनात संविदाकर्मी अमरेंद्र के मुताबिक वह लाइनमैन के साथ नगराम-निगोहां मार्ग पर हाईटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग कर रहे थे। समेसी पुल के पास पुलिस की Checking चल रही थी। इसी दौरान हेलमेट नहीं पहनने पर दरोगा अनुज भाटी ने लाइनमैन का 6 हजार रुपये का चालान काट दिया।
अमरेंद्र ने बताया कि संविदाकर्मियों को करीब 8 हजार रुपये महीने का मानदेय मिलता है। ऐसे में 6 हजार रुपये का चालान उनके लिए बड़ी रकम है। उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग के दौरान हेलमेट पहनकर काम करने में दिक्कत होती है।
चालान के बाद बिजली विभाग ने खोला लेजर
चालान की खबर दूसरे बिजलीकर्मियों तक पहुंची तो उन्होंने पुलिस के सामने बकाया बिल का हिसाब रख दिया। कर्मचारियों ने नगराम थाने, हरदोइया चौकी व देवीखेड़ा बूथ की बिजली काट दी। उनका कहना था कि इन तीनों जगहों पर लंबे समय से बिजली का बिल जमा नहीं हुआ है।

थाने पर 3.5 व चौकी-बूथ पर डेढ़-डेढ़ लाख बाकी
बिजलीकर्मियों के मुताबिक नगराम थाने पर करीब 3.5 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। हरदोइया चौकी पर 1.5 लाख रुपये व देवीखेड़ा पुलिस बूथ पर भी करीब 1.5 लाख रुपये का बिल बाकी है। तीनों जगहों का कुल बकाया करीब 6.50 लाख रुपये बताया गया।
रात में थाने की बत्ती गुल
बिजली कटने के बाद रात में नगराम थाने का परिसर अंधेरे में डूब गया। इससे पुलिस का कामकाज प्रभावित हुआ। संविदाकर्मी अमरेंद्र, लाइनमैन दीपक व शत्रोहन लाल ने साफ कहा कि बकाया बिल जमा होने के बाद ही बिजली सप्लाई बहाल की जाएगी।
दरोगा को फटकार, चालान वापस कराने के निर्देश
मामले की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने संज्ञान लिया। उन्होंने दरोगा अनुज भाटी को फटकार लगाई और चालान वापस कराने के निर्देश दिए। दूसरी तरफ समेसी उपखंड के अवर अभियंता आशीष कुमार ने भी पुलिस थाने व चौकियों पर बिजली बिल बकाया होने की पुष्टि की है। पुलिस व बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच बातचीत चल रही है। फिलहाल मामला पुलिस महकमे के गले में फंसी हड्डी बन गया है। बिजली विभाग की ओर से बकाया भुगतान के बाद ही सप्लाई बहाल करने की बात कही गई है।






