
एंटरटेनमेंट डेस्क, 30 जुलाई 2026:
सुबह-सुबह रिलीज हुआ Ramayana का Trailer
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म Ramayana Part 1 का Trailer आखिरकार रिलीज हो गया है। 30 जुलाई की सुबह जारी किए गए करीब चार मिनट के ट्रेलर में फिल्म की दुनिया, किरदारों और कहानी की पहली बड़ी झलक देखने को मिली। रणबीर कपूर राम के रूप में, यश रावण के किरदार में और साई पल्लवी सीता के रूप में नजर आईं। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म के VFX, कलाकारों के लुक और खास तौर पर यश के रावण वाले अंदाज की चर्चा शुरू हो गई।
यश के रावण वाले लुक से हुई शुरुआत
Trailer की शुरुआत रावण के किरदार से होती है। यश को भारी-भरकम लुक, जटाओं और युद्ध के दृश्यों के साथ दिखाया गया है। कहानी के इस हिस्से में रावण तीनों लोकों पर अपना दबदबा कायम करने की कोशिश करता नजर आता है। ट्रेलर में रावण के अहंकार, उसकी ताकत और उसके साम्राज्य की झलक को बड़े स्तर पर पेश किया गया है। कहानी आगे बढ़ने पर पृथ्वी पर बढ़ते पाप और रावण के अत्याचार के बीच भगवान विष्णु के राम के रूप में अवतार लेने की कहानी सामने आती है। यही हिस्सा रणबीर कपूर के किरदार की एंट्री का रास्ता तैयार करता है।
राम के रूप में रणबीर कपूर के बदले लुक ने सबको लुभाया
यश के बाद ट्रेलर में रणबीर कपूर की एंट्री होती है। राम के किरदार में उनका लुक पहले ही सामने आ चुका था, लेकिन Trailer में उनके किरदार का अंदाज ज्यादा साफ दिखाई देता है। शांत भाव, संयमित संवाद और अलग-अलग उम्र के किरदार में रणबीर को दिखाया गया है। ट्रेलर में राम के बचपन से लेकर युवा अवस्था तक की कहानी के संकेत मिलते हैं। राम के रूप में रणबीर का व्यवहार बाकी किरदारों से बिल्कुल अलग रखा गया है। उनके संवादों में आक्रामकता के बजाय शांति और धैर्य दिखाई देता है।
पहली बार दिखीं साई पल्लवी और रवि दुबे की झलक
Ramayana Trailer की एक बड़ी खासियत साई पल्लवी और रवि दुबे की पहली झलक है। साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आईं, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखे। दोनों के किरदारों को लेकर फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। ट्रेलर में रकुल प्रीत सिंह भी शूर्पणखा के किरदार में दिखाई देती हैं। एक सीन में लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे को शूर्पणखा की नाक काटते हुए दिखाया गया है। यह सीन रामायण की कहानी के उस अहम हिस्से की तरफ इशारा करता है, जिसके बाद घटनाएं तेजी से बदलती हैं।

सबसे बड़ा सवाल, ट्रेलर में हनुमान कहां हैं?
Trailer रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सवाल सनी देओल को लेकर उठ रहा है। फिल्म में सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं, लेकिन करीब चार मिनट के इस Trailer में उनकी एक भी झलक नहीं दिखाई गई। फैंस को उम्मीद थी कि इतने बड़े स्तर पर बनाई जा रही Ramayana में हनुमान के किरदार की भी पहली झलक देखने को मिलेगी। Trailer में राम, सीता, रावण, लक्ष्मण और शूर्पणखा जैसे प्रमुख किरदार दिखाई देने के बाद सनी देओल का नजर न आना दर्शकों को खटक रहा है।
इसलिए नहीं दिखे हनुमान जी
सनी देओल के Trailer में नजर न आने की वजह फिल्म की कहानी से ज्यादा उनकी शूटिंग से जुड़ी है। हाल ही में फिल्म के Trailer Launch कार्यक्रम के दौरान सनी देओल ने बताया था कि उन्होंने Ramayana की शूटिंग कुछ समय पहले ही शुरू की है। फिल्म में हनुमान का किरदार दूसरे पार्ट में ज्यादा अहम होने वाला है। इसी वजह से Part 1 के Trailer में सनी देओल की झलक नहीं रखी गई है। यानी फैंस को हनुमान के किरदार के लिए अभी इंतजार करना होगा।
VFX और बैकग्राउंड म्यूजिक ने बढ़ाया असर
Ramayana Trailer में VFX पर खास जोर दिखाई देता है। इंद्रदेव के ऐरावत से लेकर विशालकाय गरुड़ और जटायु जैसे किरदारों को बड़े पैमाने पर दिखाया गया है। युद्ध के दृश्य भी फिल्म के विशाल कैनवास का अंदाजा देते हैं। फिल्म का Music भी इसकी बड़ी खासियत है। Hans Zimmer और AR Rahman ने मिलकर फिल्म का संगीत तैयार किया है। Trailer में सुनाई देने वाला बैकग्राउंड म्यूजिक कहानी के भव्य अंदाज को और बड़ा बनाता है।
ब्रह्ममुहूर्त में क्यों रिलीज किया गया Trailer?
Ramayana Trailer की रिलीज टाइमिंग भी काफी चर्चा में रही। पहले इसे 24 जुलाई को रिलीज करने की तैयारी थी। इसी दौरान यश और रणबीर कपूर अमेरिका के San Diego में आयोजित Comic-Con पहुंचे थे, जहां फिल्म से जुड़ी प्रस्तुति दी गई थी। इसके बाद Trailer को ग्लोबली YouTube पर रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में मेकर्स ने Sony Pictures के साथ एक डील की। इसके तहत Ramayana Trailer को Spider-Man: Brand New Day के थिएटर शोज के साथ अटैच किया जाना था।
Spider-Man: Brand New Day की 30 जुलाई को Worldwide रिलीज को देखते हुए Trailer के लीक होने का खतरा था। इसी वजह से मेकर्स ने इसे सिनेमाघरों में पहुंचने से पहले ही 30 जुलाई की सुबह ब्रह्ममुहूर्त में YouTube पर रिलीज कर दिया।
दिवाली 2026 में आएगा पहला पार्ट
Ramayana को दो पार्ट में रिलीज किया जाएगा। Nitesh Tiwari के निर्देशन में बनी Ramayana Part 1 दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके दूसरे पार्ट को दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है। फिल्म की स्टारकास्ट में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में हैं। रवि दुबे लक्ष्मण और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी।
फिल्म का VFX तैयार कर रहा है DNEG
Ramayana को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़े बजट वाली फिल्मों में शामिल बताया जा रहा है। फिल्म के VFX की जिम्मेदारी Oscar विजेता Studio DNEG ने संभाली है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा हैं, जो DNEG से भी जुड़े हैं। Trailer में दिखाई गई विशाल दुनिया, युद्ध के दृश्य, पौराणिक किरदार और VFX इसी बड़े पैमाने की झलक देते हैं। हालांकि हनुमान के रूप में सनी देओल की झलक नहीं मिलने से फैंस की नजर अब फिल्म के अगले अपडेट पर रहेगी।





