अनिल निषाद
अयोध्या, 1 अगस्त 2026:
यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव की हलचल तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में अयोध्या दौरे पर पहुंचीं अपना दल (कमेरावादी) की नेत्री एवं सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल ने संगठन को मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव अब ज्यादा दूर नहीं हैं, इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जाकर संगठन की समीक्षा की जा रही है। जहां भी संगठन में कमियां हैं या नट-बोल्ट ढीले हैं उन्हें समय रहते दुरुस्त किया जाएगा जिससे चुनाव से पहले पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर सके।
पल्लवी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। इसी उद्देश्य से विभिन्न जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है। जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों का आकलन किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने संसद के बाहर राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि संसद देश का सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है। वहां हर महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए। लोकतंत्र में जनता से जुड़े सवाल उठाना विपक्ष की जिम्मेदारी है और यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले का जिक्र करते हुए पल्लवी पटेल ने कहा कि यह सिर्फ चढ़ावे की चोरी का मामला नहीं है अपितु जनता के अधिकारों और नौकरियों से जुड़े गंभीर सवाल भी हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य और आम लोगों के हक से जुड़े मुद्दों पर संसद में गंभीर बहस होनी चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि विपक्ष जनता की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा और जनहित के हर मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक प्रमुखता से सामने लाएगा। इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता रामशिला पटेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।






