
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 4 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को मसूरी के पुरुकुल पहुंचे। सीएम ने 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में बनाए गए नवनिर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया। धामी ने कहा कि यह विकास योजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेंगी।
सीएम धामी ने कहा कि पहाड़ों की रानी मसूरी देश-दुनिया के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। इसी को देखते हुए सरकार मसूरी के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक करीब 13 किलोमीटर सड़क को ऊंचा करने का काम भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मालदेवता लालपुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक मार्ग का सीआरएफ योजना के तहत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। सीएम ने बताया कि ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं, सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य भी कराए जा रहे हैं।
धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल नकारात्मकता फैलाने का काम कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास अपनी कोई उपलब्धि बताने के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं से युवा रोजगार पाने के साथ ही रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है और सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मसूरी क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत आदि मौजूद रहे।






