
लखनऊ, 4 अगस्त 2026:
यूपी में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबी पोस्ट साझा करते हुए सपा की राजनीति और उसके MY (मुस्लिम-यादव) समीकरण पर सवाल उठाए।
राजभर ने अपनी पोस्ट में बस्ती जिले की एक घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि एक यदुवंशी परिवार की गर्भवती महिला के साथ मारपीट हुई और उसके अजन्मे बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। उन्होंने इस मामले को सपा की कथित ‘मुस्लिम परस्ती’ से जोड़ते हुए लिखा कि पीड़ित परिवार पलायन के लिए मजबूर हो गया। उन्होंने कहा कि ऐसा होने नहीं दिया जाएगा क्योंकि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है।

सुभासपा प्रमुख ने अपने हमले को और तीखा करते हुए लिखा कि सपा का PDA अब ‘पीट देगा अशफाक’ बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के MY समीकरण में अब मुस्लिम वर्ग इतना हावी हो गया है कि यादव समाज ही प्रताड़ित हो रहा है। राजभर ने अखिलेश यादव से कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति से बचें और दावा किया कि इससे सबसे अधिक नुकसान यादव समाज को ही उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में दिवंगत सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यदि वह आज जीवित होते तो यह सब देखकर दुखी होते। राजभर ने अंत में कहा कि सपा की मौजूदा राजनीति उसके पारंपरिक सामाजिक समीकरण को कमजोर कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ओमप्रकाश राजभर कानून-व्यवस्था, आरक्षण और सामाजिक समीकरण जैसे कई मुद्दों पर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर लगातार हमलावर रहे हैं।






