Lucknow City

Geo tagging से जाम तक… DM के सामने व्यापारियों ने खोला समस्याओं का पिटारा, बोले- समाधान कराएं

लखनऊ व्यापार मंडल ने सौंपा मांगों ज्ञापन, बाजारों में बुनियादी सुविधाएं, ट्रैफिक सुधार और व्यापारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग

लखनऊ, 6 अगस्त 2026:

यूपी राजधानी लखनऊ के व्यापारियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में डीएम विशाख जी से मिलकर शहर के विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने कहा कि कारोबार को प्रभावित करने वाली कई व्यावहारिक समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं जिनका शीघ्र समाधान आवश्यक है।

व्यापारियों ने मंडी समिति की जियो टैगिंग व्यवस्था को अत्यधिक जटिल और अव्यावहारिक बताते हुए इसे सरल बनाने तथा व्यापारियों पर अनावश्यक प्रक्रियात्मक बोझ समाप्त करने की मांग की। उनका कहना था कि मौजूदा व्यवस्था से व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विद्युत व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने गंभीर चिंता जताई। ज्ञापन में सर्राफा बाजार की जर्जर भूमिगत विद्युत केबलों को बदलने, पुराने बिजली के खंभों के प्रतिस्थापन, व्यापारिक क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, बिजली और दूरसंचार के तारों को व्यवस्थित करने, आवश्यकता के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था के लिए निर्बाध विद्युत उपलब्ध कराने की मांग की गई।

ये भी पढ़ें:

नगर निगम से जुड़े मुद्दों में शहर से अतिक्रमण हटाने, झाऊलाल पुल पर सुलभ शौचालय, बाजारों में पेयजल, पार्किंग और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, जलभराव की समस्या दूर करने, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने, सर्राफा बाजार में फायर सेफ्टी के लिए मिनी ट्यूबवेल तथा नाका क्षेत्र में सार्वजनिक एवं पिंक शौचालय बनाने की मांग प्रमुख रही। व्यापारियों ने ट्रेड लाइसेंस के नाम पर उत्पीड़न रोकने और साप्ताहिक बाजारों के उचित स्थानांतरण की भी मांग उठाई।

एलडीए से इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की लीजहोल्ड भूमि को फ्रीहोल्ड करने की नीति लागू करने, नई नीति बनने तक लीजधारकों के खिलाफ कार्रवाई रोकने तथा आवास विकास परिषद की कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की गई। वहीं लोक निर्माण विभाग से शहर की जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया।

यातायात एवं पुलिस व्यवस्था को लेकर चारबाग में असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई, श्रीराम टावर के सामने लगी बैरिकेडिंग हटाने, ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने, डालीगंज बाजार में मालवाहक वाहनों के लिए समयबद्ध प्रवेश तथा आशियाना, आलमनगर पुल, बुलाकी अड्डा और चौक क्षेत्र की जाम समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

व्यापार मंडल ने डीएम से सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर व्यापार और आमजन के हित में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर संगठन के प्रधान वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र सिंह चौहान सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  मुसलमान बार-बार ठगे जा रहे हैं, अब मेरे साथ आइए.... लखनऊ में बोले सांसद चंद्रशेखर

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button