Sitapur City

BJP विधायक ने ‘शादीबाज’ समधी से रिश्ता तोड़कर डॉक्टर बेटी को मायके बुलाया, अब दर्ज कराई FIR

25 महिलाओं से शादी कर ठगी करने के आरोपी समधी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज, विधायक का आरोप, रिश्ता तय करते समय कारोबार और पारिवारिक जानकारी छिपाई गई, पुलिस ने जांच शुरू की

सीतापुर, 9 अगस्त 2026:

25 शादियां कर महिलाओं से ठगी करने के आरोपों में घिरे अपने समधी के खिलाफ अब सेउता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी भी कानूनी लड़ाई में उतर आए हैं। पहले उन्होंने बेटी का रिश्ता तोड़कर उसे मायके बुलाया, अब रेउसा थाने में समधी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी की अवैध संपत्ति पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

रिश्ता तय करते समय सच्चाई छिपाने का आरोप

विधायक के मुताबिक, फरवरी 2024 में उन्होंने अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी की शादी मिश्रिख क्षेत्र के चंद्रावल निवासी प्रखर त्रिवेदी से कराई थी। उस समय प्रखर के पिता अनुज त्रिवेदी ने खुद को महाराष्ट्र में रियल एस्टेट कारोबारी बताया था। यह भी कहा गया कि बेटा गांव में खेती और बागवानी संभालता है। स्थानीय लोगों से जानकारी लेने पर भी परिवार के बारे में अच्छी राय मिली, जिसके बाद शादी तय हुई।

ये भी पढ़ें:

मांगलिक होने की वजह से तय किया था रिश्ता

विधायक ने बताया कि उनकी बेटी मांगलिक है, इसलिए उसी आधार पर वर की तलाश की जा रही थी। प्रखर की कुंडली मिलने के बाद परिवार ने शादी के लिए सहमति दी थी। अब पूरे घटनाक्रम से परिवार मानसिक तनाव में है और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा है।

गिरफ्तारी के बाद खुलने लगी परतें

करीब दो महीने पहले महाराष्ट्र पुलिस ने अनुज त्रिवेदी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल जेल में है। जांच के दौरान सामने आया कि उसके खिलाफ महाराष्ट्र समेत कई जगहों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके बाद विधायक परिवार को पूरे मामले की जानकारी हुई। उनका कहना है कि अगर पहले यह जानकारी होती तो शादी कभी नहीं होती। बता दें कुछ दिन पूर्व विधायक ने अपनी बेटी के साथ एक भावुक कर देने वाला वीडियो संदेश जारी किया था। इस दौरान उनकी बेटी रो पड़ी तो विधायक की आंखें भर आईं। उन्होंने पूरे प्रकरण की जानकारी भी दी थी।

25 शादियों का आरोप, अलग-अलग नामों से बिछाता था जाल

जांच एजेंसियों के मुताबिक, अनुज त्रिवेदी पर वर्ष 2016 से 2021 के बीच अलग-अलग राज्यों की 25 महिलाओं से शादी कर ठगी करने का आरोप है। आरोप है कि वह अजय सिंह, अजय अग्रवाल, अविरल समेत कई नामों से वैवाहिक विज्ञापन देता था। शादी के बाद निजी परेशानियों का हवाला देकर नकदी, गहने और दूसरे कीमती सामान लेकर गायब हो जाता था।

महिलाओं ने भी की थी संपत्ति कुर्क करने की मांग

चार अगस्त को महाराष्ट्र की चार महिलाएं और प्रयागराज की एक महिला अनुज के गांव पहुंची थीं। उन्होंने प्रशासन से मुलाकात कर आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की मांग की थी। अब रेउसा पुलिस का कहना है कि विधायक की तहरीर पर अनुज त्रिवेदी के खिलाफ़ मामले से जुड़े दस्तावेज और दूसरे साक्ष्य जुटाने में लगी है।

ये भी पढ़ें  मंदिर गिराने से मुकरा ड्राइवर...नायब तहसीलदार ने खुद उठाई हथौड़ी, हाथ जोड़े खड़ीं रहीं एसडीएम

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button