Uttarakhand

‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ पोर्टल लॉन्च, छात्रों से संवाद, धामी बोले- सरकारी नीति में शामिल होंगे सुझाव

सीएम पुष्कर सिंह धामी के आवास पर कार्यक्रम का आयोजन, विभिन्न जिलों से आए 2,828 बच्चों के सुझावों पर अधिकारी बनाएंगे कार्ययोजना, ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित हुई निबंध प्रतियोगिता

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 10 अगस्त 2026ः

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने आवास पर ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ पोर्टल लॉन्च किया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए बच्चों से धामी ने संवाद किया। इस दौरान बच्चों ने शिक्षा सहित कई क्षेत्रों से संबंधित अपने सुझाव दिए। सुझावों को सीएम ने खुद नोट किया और अधिकारियों को इन पर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर छात्रों के लिए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड: एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में 2,828 सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों की कक्षा 11वीं व 12वीं के तीन लाख से अधिक छात्र वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

छात्रों ने शिक्षा सहित कई क्षेत्रों के लिए दिए सुझाव

ये भी पढ़ें:

संवाद के दौरान छात्रों ने खेलों को बढ़ावा देने, सप्ताह में चार दिन खेल पीरियड संचालित करने, विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अवसर बढ़ाने, उच्च शिक्षा को मजबूत करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने जैसे सुझाव मुख्यमंत्री के सामने रखे। धामी ने कहा कि छात्रों की सोच को केवल संवाद तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि व्यवहारिक सुझावों को सरकारी नीतियों का हिस्सा बनाया जाएगा।

140 छात्रों को मिलेगा विशेष लाभ

सीएम धामी ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 140 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। चयनित छात्रों को NEET, JEE, CLAT और SAT जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के साथ अन्य आवश्यक शुल्कों का लाभ राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा में केवल अंक हासिल करना ही सफलता का पैमाना नहीं है, बल्कि विषय की बेहतर समझ, संस्कार और अनुशासन भी जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई को बोझ के बजाय अपने भविष्य को बेहतर बनाने का माध्यम मानने का आह्वान किया।

AI के संतुलित इस्तेमाल की सलाह

धामी ने छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के संतुलित इस्तेमाल की सलाह दी। उन्होंने कहा कि AI उपयोगी और ज्ञानवर्धक तकनीक है, लेकिन इसका जरूरत से अधिक इस्तेमाल सोचने और सीखने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। विद्यार्थियों को पहले अपनी बुद्धि, विवेक और सोचने की क्षमता का इस्तेमाल करना चाहिए और गुरुजनों के अनुभव व मार्गदर्शन से सीखने के बाद आवश्यकता पड़ने पर AI की सहायता लेनी चाहिए।
CM Dhami Launches Mukhyamantri Yuva Vidyarthi Manthan (2)

खेलों को पढ़ाई के साथ बराबर महत्व देने पर जोर

सीएम ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों को बढ़ावा देना भी जरूरी है। उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से खेलों के प्रति युवाओं और समाज में नई जागरूकता पैदा हुई है। अब प्रदेश के विद्यार्थी विभिन्न खेलों में अपना भविष्य तलाश रहे हैं। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन’ योजना का भी उल्लेख किया। छात्र-छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने व असफलताओं से सीख लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीवन में संकल्प ऐसा होना चाहिए जिसमें विकल्प की गुंजाइश न हो। जब व्यक्ति दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ता है तो सफलता की राह आसान होती जाती है।

छात्रों का सरकार के साथ संवाद जारी रहेगा

मुख्यमंत्री ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि सरकार के साथ उनका संवाद निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी समस्याएं, विचार और सुझाव खुलकर सरकार तक पहुंचा सकते हैं। बेहतर संवाद के माध्यम से ही युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए उत्तराखंड के बेहतर भविष्य की नींव रखी जा सकती है। कार्यक्रम में मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे सहित गोविंद राम जायसवाल, राहुल अग्रवाल, रिया अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  UP Scholarship 2026 : छात्रों के खाते में फिर आएगी मदद की रकम, कल से करें आवेदन, जानें किसे मिलेगा लाभ

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link