
प्रयागराज, 22 अगस्त 2026:
यूपी के प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र स्थित नारीबारी इलाके में धान की रोपाई के लिए खेत जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सुबह हादसे का शिकार हो गई। सोनरा गांव से खेत की दूरी करीब पांच किलोमीटर थी। इसी रास्ते में सूरवल साहनी स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। ट्रॉली में सवार 42 मजदूरों में से तीन की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हुए हैं। घायलों में नौ की हालत गंभीर बताई गई है।

बाइक सवार को बचाने में बिगड़ा संतुलन
बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सोनरा गांव से मजदूरों को धान की रोपाई के लिए लेकर जा रही थी। नारीबारी के पास ट्रैक्टर के आगे चल रही बाइक अचानक सड़क पर बने गड्ढे के कारण अनियंत्रित हो गई। बाइक सवार अंकित सिंह सड़क पर गिर पड़े। उन्हें बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया।
डिवाइडर से टकराकर पलटी ट्रॉली
अचानक मोड़ने से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। वाहन डिवाइडर से टकराया, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली में बैठे 23 मजदूर उसके नीचे दब गए। बाकी मजदूर सड़क के आसपास गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंच गए।
जेसीबी से निकाले गए मजदूर
सूचना मिलने पर नारीबारी चौकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से जेसीबी बुलाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया गया। इसके बाद उसके नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। हादसे में सोनरा गांव निवासी कमला देवी 50 और 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली करीना 17 की मौके पर मौत हो गई।

इलाज के दौरान तीसरी मौत
हादसे में घायल मनोरमा 19 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर हादसे की खबर पाकर परिवार के लोग भी आ गए। कम उम्र के लोगों को गोद मे उठाकर किनारे लाया गया। हादसे में घायल 20 मजदूरों में से नौ की हालत गंभीर होने पर उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर किया गया है। 11 घायलों का नारीबारी पीएचसी में इलाज चल रहा है। कुछ मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
गंभीर घायलों की हालत पर नजर
घायलों में अशोक, राहुल, सिमरन, अशोका देवी, रोहित, सीता, रामलाल, आकाश, विनीता, लालजी, राधा समेत अन्य मजदूर शामिल हैं। ये सभी सोनरा व बारा इलाके के रहने वाले बताए गए हैं। घायलों का इलाज नारीबारी पीएचसी के साथ निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है। शंकरगढ़ के बड़गड़ी निवासी सुधा, बारा के सेहुड़रिया निवासी संदीप, मनैया निवासी आंचल, आदिवासी, सोनरा निवासी राजीव, दिलीप बिंद, संतोष, राकेश समेत नौ घायलों को SRN अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल में इनका इलाज चल रहा है।






