प्रयागराज, 3 जून 2026:
शहर के साउथ मलाका स्थित सब्जी मंडी चौराहे पर मकान के भीतर एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता, बेटे अभिषेक और बेटी मीनाक्षी के शव घर और दुकान के अलग-अलग हिस्सों में मिले। सभी के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद समेत कई पहलुओं को खंगाल रही है।
दरअसल मंगलवार दोपहर पड़ोसियों ने मकान से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर से बंद ताला तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया। पहली मंजिल पर बने कमरे में वीरेंद्र कुमार वैश्य और उनकी पत्नी अनीता के शव बिस्तर पर पड़े मिले। पास के कमरे में बेटी मीनाक्षी का शव फर्श पर मिला। बाद में देर शाम मकान की तलाशी के दौरान नीचे स्थित दुकान से बेटे अभिषेक का शव बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक चारों की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से ऐसे संकेत मिले हैं जिनसे लगता है कि आरोपियों ने वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की।

जांच में सामने आया कि जिन कमरों में शव पड़े थे वहां फर्श को डिटर्जेंट से धोया गया था। पुलिस का कहना है कि खून के धब्बे पूरी तरह मिटाने के लिए फर्श पर तेल का भी इस्तेमाल किया गया। इतना ही नहीं, शवों को रजाई और कंबल से ढक दिया गया था ताकि बदबू बाहर न फैल सके और घटना का पता देर से चले।
वीरेंद्र कुमार वैश्य साउथ मलाका स्थित अपने मकान में परिवार के साथ रहते थे। मकान के भूतल पर 14 दुकानें बनी हैं, जिनमें अधिकांश किराये पर हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक संपत्ति की कीमत करोड़ों रुपये में है। इसी वजह से पुलिस संपत्ति विवाद के एंगल को भी गंभीरता से देख रही है।
पड़ोसियों ने बताया कि परिवार के लोगों को आखिरी बार रविवार दोपहर के आसपास देखा गया था। इसके बाद घर में कोई हलचल नजर नहीं आई। सोमवार और मंगलवार को भी परिवार की दुकानें नहीं खुलीं। बदबू आने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को खबर दी गई।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि वारदात योजना बनाकर अंजाम दी गई। हत्या के बाद मकान को बाहर से बंद कर दिया गया, जिससे दो दिन तक किसी को अंदर हुई घटना की भनक नहीं लगी। फोरेंसिक टीम हत्या में इस्तेमाल हथियार, हत्या का सटीक समय और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंचे अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की गई है। मामले में संपत्ति विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।






