Uttar Pradesh

सुबह मथुरा में कन्हैया को निहारा, शाम लखनऊ से आधी रात गोरखपुर तक जन्माष्टमी मनाएंगे योगी

श्रीकृष्ण जन्मभूमि के गर्भगृह में काफी देर तक किए दर्शन, चांदी की परत से सजे गर्भगृह की सजावट देखी, जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं को दी बधाई, कहा देश, समाज व परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहें, संबोधन में सपा समेत विपक्ष पर निशाना, बाबर-औरंगजेब का जिक्र कर आस्था को लेकर उठाए सवाल, शाम को लखनऊ पुलिस लाइन में कार्यक्रम, देर रात गोरखनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मनाएंगे कृष्ण जन्म

मथुरा, 4 सितंबर 2026:

यूपी के मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। गुरुवार को मथुरा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने वेटेरिनरी विश्वविद्यालय में रात्रि प्रवास किया और उससे पहले सीएम ने रात में ही वृंदावन, मथुरा में कान्हा भक्ति स्तम्भ का लोकार्पण किया। शुक्रवार सुबह वह श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर पहुंचे।मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गर्भगृह में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री काफी देर तक गर्भगृह में विराजे लाला को निहारते रहे।

चांदी से सजे गर्भगृह की छटा देखी, श्रद्धालुओं को दी जन्माष्टमी की बधाई

श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गर्भगृह की दीवारों को चांदी की परत से सजाया गया है। मुख्यमंत्री ने गर्भगृह की इस विशेष सजावट को देखा। मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर की गई तैयारियों के बीच गर्भगृह की सजावट आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। दर्शन के दौरान श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर के दूसरे प्रमुख स्थलों का रुख किया। उनके कार्यक्रम में योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर व भागवत भवन जाना भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी। जन्माष्टमी पर मथुरा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सहित ब्रज के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ बनी हुई है।

ये भी पढ़ें:

संबोधन में बोले, अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहें

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी की चिंता कृष्ण कन्हैया करेंगे। आप अपने देश, समाज व परिवार के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार लोगों के साथ मिलकर काम करेगी।

बांके बिहारी से गोवर्धन तक विकास का जिक्र

योगी ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर, बरसाना, वृंदावन व गोवर्धन में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। आने वाले समय में इन क्षेत्रों में विकास की रफ्तार और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह इसलिए संभव हुआ है क्योंकि प्रदेश में लोगों की भावनाओं को समझने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कृष्ण, राम व भगवान विश्वनाथ के प्रति आस्था रखती है। उन्होंने धार्मिक स्थलों के विकास को सरकार की प्राथमिकताओं से जोड़ते हुए कहा कि सरकार लोगों की भावनाओं को समझकर काम कर रही है।
cm-yogi-mathura-janmashtami-visit-vrindavan-gorakhpur-police-line (2)

बाबर-औरंगजेब का जिक्र कर विपक्ष पर हमला

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की आस्था बाबर व औरंगजेब में होगी, वे लोगों की आस्था की कद्र कैसे करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग समाज में विश्वासघात व जहर घोलने का काम करेंगे। योगी ने कहा कि विरोधी तत्वों के हौसले बढ़ने से बहन-बेटियों की सुरक्षा में सेंध लग सकती है। उन्होंने किसानों व हस्तशिल्पियों की कमाई पर डाका डालने की कोशिशों का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ऐसे मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

जन्माष्टमी पर ब्रज में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पूरा ब्रज सजाया गया है। मथुरा-वृंदावन के प्रमुख मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर शुक्रवार सुबह 5.30 बजे से रात 1.30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश की व्यवस्था रखी गई है।

मंदिरों में आधी रात गूंजेगा जय कन्हैयालाल का जयघोष

शुक्रवार रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में उत्सव का चरम देखने को मिलेगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, बांके बिहारी मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, प्रेम मंदिर व इस्कॉन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। जन्म के समय हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैयालाल की के जयघोष से ब्रज गूंजेगा।
cm-yogi-mathura-janmashtami-visit-vrindavan-gorakhpur-police-line (3)

रोशनी से जगमगा रहे वृंदावन के प्राचीन मंदिर

वृंदावन के प्राचीन सप्त देवालयों को शिखर से लेकर चौखट तक रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। मंदिरों के अंदर चौक व गर्भगृह को देशी-विदेशी सुगंधित फूलों व गुब्बारों से सजाया गया है। विद्युत झालरों से सजे मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

जन्माष्टमी के दौरान बड़ी भीड़ को देखते हुए मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिरों, प्रमुख मार्गों व चौराहों पर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक जन्मोत्सव में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

शाम को लखनऊ पुलिस लाइन पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मथुरा के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम लखनऊ पुलिस लाइन में होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के मुताबिक मुख्यमंत्री यहां मंदिर में श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन करेंगे। लखनऊ पुलिस लाइन में जन्माष्टमी के मौके पर भक्ति से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां आध्यात्मिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

देर रात गोरखपुर के लिए रवाना होंगे

लखनऊ का कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री देर रात गोरखपुर जाएंगे। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में वह गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में शामिल होंगे। यहां जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन रात 12 बजे कृष्ण जन्म के साथ होगा। गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ के मुताबिक महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन में रात 11.30 बजे तक भजन कार्यक्रम चलेगा। भजन संध्या के दौरान मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे।

श्रीकृष्ण का बालरूप धरेंगे बच्चे

गोरखनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता होगी। मुख्यमंत्री बच्चों से मुलाकात करेंगे। उन्हें खिलौने व चॉकलेट भी भेंट करेंगे। रात करीब 11.30 बजे मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचेंगे। रात 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्म के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर कृष्ण के बालरूप को पालने में झुलाएंगे।

एक दिन में तीन शहरों में जन्माष्टमी कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्माष्टमी कार्यक्रम सुबह मथुरा से शुरू होकर शाम लखनऊ पहुंचेगा। इसके बाद देर रात गोरखपुर में कृष्ण जन्मोत्सव के साथ पूरा होगा। इस दौरान वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन से लेकर पुलिस लाइन के आयोजन व गोरखनाथ मंदिर के मध्यरात्रि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें  आउटसोर्सिंग पर मायावती का वार, कहा... मजदूरों की नौकरी असुरक्षित, परिवारों पर पड़ रहा असर

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button