Entertainment

रानी के लिए खास हुआ मुंबई का मंच, राजकपूर के नाम पर मिला सम्मान तो बोलीं- यही मेरा घर

तीन दशक के फिल्मी सफर के लिए मिला राजकपूर विशेष योगदान पुरस्कार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया सम्मानित, अभिनेत्री ने पुरस्कार महाराष्ट्र की जनता और फिल्म जगत को समर्पित किया, मशहूर डांसर हेलन ने पति सलीम की ओर से लिया अवार्ड, संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर भी हुए सम्मानित

एंटरटेनमेंट डेस्क, 10 सितंबर 2026:

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बुधवार को हुए 62वें महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में अभिनेत्री रानी मुखर्जी को राजकपूर विशेष योगदान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें यह सम्मान दिया। मंच पर पुरस्कार लेते वक्त रानी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि और अपने लोगों से मिला यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है।

करियर और घर जैसा एहसास के साथ मुंबई ने दी पहचान

रानी मुखर्जी ने कहा कि मुंबई ने उन्हें सिर्फ पहचान नहीं दी, बल्कि अपने लोग, करियर और घर जैसा एहसास भी दिया। उन्होंने कहा कि यह शहर उनके लिए सुरक्षित जगह रहा है। यही वजह है कि यह पुरस्कार उनके दिल में हमेशा खास जगह रखेगा। जब भी वह इसे देखेंगी, उन्हें सिर्फ पुरस्कार नहीं बल्कि अपना मुंबई और महाराष्ट्र नजर आएगा।

ये भी पढ़ें:

rani-mukerji-raj-kapoor-special-contribution-award-mumbai-home (2)

राज कपूर के नाम पर सम्मान को बताया खास

रानी ने कहा कि भारतीय सिनेमा के दिग्गज राज कपूर के नाम पर दिया जाने वाला पुरस्कार मिलना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह इस सम्मान के अनुरूप अपने काम के जरिए आगे भी बनी रहेंगी। अभिनेत्री ने अपने फिल्मी सफर में चुने गए किरदारों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह हमेशा उन भूमिकाओं की तरफ आकर्षित हुईं जो उन्हें सच्ची लगीं। ऐसे किरदार जिनकी कहानी, सफर और मुश्किलों से लड़ने की क्षमता उन्हें प्रभावित करती थी। रानी ने कहा कि उन्हें ऐसे किरदार पसंद आए जिनमें साहस था, कमियां थीं और जो पृष्ठभूमि में गुम होने के लिए तैयार नहीं थे।

1996 में शुरू हुआ था फिल्मी सफर

रानी मुखर्जी ने 1996 में फिल्म राजा की आएगी बारात से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद कुछ कुछ होता है, हद कर दी आपने, साथिया, ब्लैक, मर्दानी फ्रेंचाइजी, मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। करीब तीन दशक के करियर में वह हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में अपनी जगह बना चुकी हैं।

अन्य हस्तियों को भी मिला सम्मान

62वें महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में रानी मुखर्जी के अलावा प्रसाद ओक को चित्रपति वी. शांताराम विशेष योगदान पुरस्कार दिया गया। सलीम खान की ओर से उनकी पत्नी हेलन खान को स्व. राज कपूर जीवनगौरव पुरस्कार मिला। पं. हृदयनाथ मंगेशकर को वी. शांताराम जीवनगौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें  सैफ अली खान बोले- ‘रेहान कोई मामूली चोर नहीं, एक परफेक्ट हीरो है’

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button