
सीतापुर, 17 सितंबर 2026:
यूपी के सीतापुर में 24 कैरेट Gold Biscuit सस्ते दाम पर दिलाने का झांसा देकर चार लोगों से 27 लाख ठग लिए गए। खुद को पंजाब नेशनल बैंक की मिश्रिख शाखा का Branch Manager बताने वाले रोहित बाजपेई ने बैंक की नौकरी का प्रभाव दिखाकर लोगों से रकम ली। बाद में पता चला कि वह पंजाब नेशनल बैंक में नौकरी ही नहीं करता है। पुलिस ने फर्जी बैंक मैनेजर को लेकर घूमने वाले इनोवा ड्राइवर को हिरासत में लिया है।
पहले मकान दिलाया, फिर बैंक अफसर बनकर जमाया भरोसा
सीतापुर में शहर क्षेत्र में नवीन चौक पर स्व. कुलदीप बाजपेई की पत्नी प्रेमलता रहती हैं। शहर में रहने वाला आदित्य पाल नाम का युवक प्रेमलता बाजपेई के पास रोहित बाजपेई को लेकर पहुंचा था। उसने रोहित का परिचय पंजाब नेशनल बैंक की मिश्रिख शाखा के शाखा प्रबंधक के रूप में कराया। इसके बाद राम नरेश जायसवाल के प्रेम नगर स्थित भवन को रोहित को एक सितंबर से 18 हजार रुपये महीने के किराये पर दिलाया गया। किरायेदारी के लिए रोहित व अन्नू बाजपेई के आधार कार्ड की फोटो कॉपी भी दी गई थी।
इनोवा पर भारत सरकार की प्लेट लगाकर घूमता था
रोहित बाजपेई इनोवा क्रिस्टा यूपी 32 एनएन 3695 से अक्सर आता-जाता था। कार पर भारत सरकार की प्लेट लगी होने से भी उसके बारे में लोगों के बीच भरोसा बना। इसी दौरान उसने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक में सोने की नीलामी हो रही है और वह कम कीमत पर 24 कैरेट के Gold Biscuit दिला सकता है।
चार लोगों से अलग-अलग रकम ली
रोहित ने प्रेमलता बाजपेई से 14 सितंबर को तीन लाख रुपये लिए। राम नरेश जायसवाल से 15 लाख रुपये, अतुल कुमार से चार लाख रुपये व सुधीर जायसवाल से पांच लाख रुपये लिए गए। इस तरह चार लोगों से कुल 27 लाख रुपये लिए गए। इसमें रामनरेश मार्च में बेटे की शादी को लेकर उसके झांसे में आकर सबसे ज्यादा रकम दी डाली।
अर्टिगा से पत्नी संग निकल गया
इसके बाद रोहित बाजपेई आदित्य पाल की अर्टिगा कार यूपी 32 पीवाई 8016 से अन्नू बाजपेई के साथ चुपचाप निकल गया। इसके बाद रोहित के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो फोन स्विच ऑफ मिला। रकम लेने के बाद उसके बारे में जानकारी जुटाई गई तो पंजाब नेशनल बैंक में उसके नौकरी करने की बात सही नहीं मिली। इस मामले में प्रेमलता बाजपेई ने कोतवाली नगर में तीनों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने इनोवा ड्राइव करने वाले आदित्य को हिरासत में लिया है।






