
सीतापुर, 18 सितंबर 2026:
यूपी के सीतापुर में पत्नी से विवाद के बाद पुलिस के थाने ले जाने से लौटे 22 वर्षीय युवक ने अगले दिन घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मामला महोली कोतवाली क्षेत्र के अमिलिया गांव का है। मृतक प्रेम शंकर के परिजनों ने पत्नी समेत उसके मायके पक्ष के पांच लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार सुबह परिजनों ने शव चारपाई पर रखकर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
चार महीने पहले हुई थी शादी
प्रेम शंकर की शादी 21 जून 2026 को कोठारपुरवा (मूड़ासानी) गांव निवासी गंगाराम की बेटी मोहिनी से हुई थी। पिता विजय पाल के मुताबिक शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। आरोप है कि मोहिनी के व्यवहार को लेकर प्रेम शंकर के विरोध करने पर उसके पिता गंगाराम व साला मनोज कुमार भी उसे अपमानित करते थे।
खाना बनाने को लेकर हुआ था झगड़ा
परिजनों के मुताबिक बुधवार को खाना बनाने को लेकर प्रेम शंकर का पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद मोहिनी पड़ोसी के घर जाकर छिप गई। उसने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस प्रेम शंकर को महोली कोतवाली ले गई। वहां शांति भंग की कार्रवाई करने के बाद उसे छोड़ दिया गया।

रात में घर लौटा, अगले दिन फंदे पर मिला
परिजनों का आरोप है कि थाने से घर लौटने के बाद भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। देर शाम के बाद प्रेम शंकर अपने कमरे में चला गया। अगले दिन उसका शव कमरे में कुंढ़े से पत्नी के दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाया। पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
शव रखकर प्रदर्शन, पांच पर केस की मांग
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे प्रेम शंकर के परिजनों ने शव को चारपाई पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने पत्नी मोहिनी, उसके पिता गंगाराम, साला मनोज कुमार समेत पांच लोगों को युवक की मौत के लिए जिम्मेदार बताया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पिता विजय पाल ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। महोली इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






