
अनिल निषाद
अयोध्या, 19 सितंबर 2026:
यूपी के अयोध्या जिले की बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेकर जोश भरा। उन्होंने सरकार की नीतियों से लेकर पुलिस व्यवस्था, बेरोजगारी, सरकारी भर्तियों और मजदूरों के मुद्दे पर अपनी बात रखी। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनके खिलाफ तीन दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए गए हैं, लेकिन उनकी पार्टी बदले की राजनीति नहीं, बदलाव की राजनीति करती है।
पुलिसकर्मियों की समस्याओं का मुद्दा
चंद्रशेखर आजाद ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी को लेकर आठ घंटे का नियम लागू करने की मांग की। उन्होंने वेतन से जुड़ी विसंगतियां दूर करने के साथ बॉर्डर स्कीम खत्म करने की बात कही। उनका कहना था कि पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए बेहतर क्वार्टर, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
पीआरडी से आशा वर्कर तक की मांगों का जिक्र
सांसद ने कहा कि उन्होंने संसद में पुलिसकर्मियों के साथ पीआरडी जवानों, होमगार्ड, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और रोजगार सेवकों की समस्याओं को उठाया है। उन्होंने मजदूरों के न्यूनतम वेतन को 753 रुपये करने की मांग की बात भी जनसभा में रखी।

भर्ती और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीएड, बीटीसी, डॉक्टरों समेत अलग-अलग वर्गों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि सत्ता में आने पर कक्षा एक से 12 तक मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।
सड़क, बिजली, पानी पर भी फोकस का दावा
आजाद समाज पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी शामिल हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों को लेकर अपनी पार्टी का रुख जनता के सामने रखा। जनसभा में चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी प्रत्याशी देवेश को जनता का बेटा बताते हुए उनके समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने बताया कि पार्टी अब तक 45 प्रभारियों की घोषणा कर चुकी है। जल्द ही दूसरी सूची जारी की जाएगी।






