
लखनऊ/अयोध्या, 15 सितंबर 2026:
यूपी के अयोध्या में पूराकलंदर क्षेत्र के कन्दैला गांव में करीब तीन सप्ताह पहले हुए सनसनीखेज बम और गोलीकांड ने दर्दनाक मोड़ ले लिया है। हमले में बेटे की मौत के बाद गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग मां पार्वती देवी मौर्य ने भी लखनऊ के KGMU में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में मां-बेटे की मौत से गांव में शोक के साथ तनाव का माहौल है।
पार्वती देवी की मौत की खबर मिलते ही अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य समर्थकों के साथ KGMU के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक 25 अगस्त को बुजुर्ग पार्वती देवी की दवा कराकर लौट रहे उनके बेटे राम लगन मौर्य पर कन्दैला गांव में ताबड़तोड़ बम से हमला किया गया और गोलियां बरसाई गई थीं। हमले में राम लगन की मौत हो गई जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। पहले उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया था। बीती रात इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

इस घटना में मीरा सिंह, विजयभान और विजय प्रताप सिंह को नामजद किया गया है। तीनों के फरार होने पर अयोध्या SSP ने इनाम घोषित किया था। पुलिस ने कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की। घायल महिला की मौत के बाद गांव में तनाव बढ़ने की आशंका के मद्देनजर पुलिस कन्दैला में कैंप कर रही है। परिजन और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






