Hardoi City

Hardoi News : घर वालों से कहा…सामने से हट जाओ, वरना तुम्हें भी मार देंगे, पत्नी को गोली मारकर पति फरार

पत्नी साधना की हालत नाजुक, हरदोई मेडिकल कॉलेज से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर, परिजनों ने पति पर आए दिन विवाद और मारपीट का लगाया आरोप

हरदोई, 21 सितंबर 2026:

यूपी के हरदोई जिले में सोमवार तड़के पति ने पत्नी को तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से पत्नी साधना घायल हो गई। परिजन उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वारदात के बाद आरोपी पति गंभीर मौके से फरार हो गया।

चीख सुनकर कमरे में पहुंचे परिजन

घटना बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव की है। बताया गया कि गंभीर की शादी नैमिषारण्य क्षेत्र के भैरमपुर गांव में रहने वाली साधना से करीब 15 साल पहले हुई थी। दोनों के तीन बच्चे काजल (11), रौनक (7) और रुही (4) हैं। पति व पत्नी बच्चों के साथ परिवार से अलग रहते हैं। सोमवार तड़के परिवार के लोग सो रहे थे। इसी दौरान कमरे से साधना के रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे तो साधना घायल हालत में पड़ी मिली। उसके शरीर में गोली लगी थी।

गोली मारने के बाद परिजनों को धमकाया

परिजनों का आरोप है कि गोली चलाने के बाद गंभीर घर में हंगामा करने लगा। उसने परिजनों से गाली-गलौज की और उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। ननद रीना के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि सामने से हट जाओ, वरना तुम्हें भी मार देंगे। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन मौका मिलते ही गंभीर वहां से भाग निकला।

ये भी पढ़ें:

अक्सर होता था विवाद, ससुराल वालों ने अस्पताल पहुंचाया

साधना के ससुर राजकुमार, सास सीमा और ननद रीना उसे एंबुलेंस से हरदोई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, गंभीर और साधना के बीच अक्सर विवाद होता था। दोनों के बीच मारपीट की बात भी सामने आई है। हालांकि सोमवार को गोली मारने की वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो सकी है।

Advertisement

ये भी पढ़ें  अवैध खनन की जांच करने गई टीम पर हमला... डंपर ने खनन अधिकारी की बोलेरो को मारी ठोकर

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link