
लखनऊ, 21 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में सोमवार को नर्सिंग छात्रा दिव्यांशी यादव की मौत का मामला तूल पकड़ गया। छात्रा की मौत से नाराज बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्र-छात्राएं विभाग में जुट गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित छात्रों ने विभाग का घेराव कर धरना दिया। इस दौरान पूरा परिसर ‘वी वांट जस्टिस’ के नारों से गूंजता रहा।
हालात को देखते हुए डीन नर्सिंग समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, छात्र जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर डटे रहे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुताबिक KGMU के नर्सिंग के 2025 बैच की छात्रा दिव्यांशी यादव पिछले कई दिनों से बीमार थी। छात्रों का आरोप है कि उसे डेंगू होने के बावजूद छुट्टी नहीं दी गई।

हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए वाराणसी ले गए, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी छात्रा के घर पहुंचकर परिजनों की जांच कराई और आसपास के क्षेत्र में डेंगू निरोधी कार्रवाई की।
छात्रों का आरोप है कि बीमारी के दौरान छुट्टी को लेकर मनमानी की गई। इंडियन नर्सिंग काउंसिल के नियमों का पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि कथित लापरवाही और अव्यवस्था का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
नर्सिंग छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने और छात्रों से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल अधिकारियों की ओर से छात्रों से बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास किया गया।






