Uttarakhand

Dehradun News : धामी ने फरियादियों की सुनी पीड़ा, बोले- समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं, तुरंत मिले राहत

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में प्रदेश भर से आए लोगों से सीएम ने किया संवाद, कहा- बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई करने व नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 22 सितंबर 2026ः

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित क्षेत्रीय व व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े मामले सामने आए। सीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और हर शिकायत का त्वरित व समय से निपटारा किया जाए। जो मामले जिला या विभागीय स्तर पर हल हो सकते हैं, उन्हें शासन स्तर पर लंबित रखने की प्रवृत्ति समाप्त की जाए।

जनसमस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करते हुए लोगों को समय से सेवाएं उपलब्ध करानी होंगी। सीएम ने कहा कि आमजन को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाए।

ये भी पढ़ें:

dehradun-cm-pushkar-singh-dhami-public-grievance-redressal-camp-taekwondo-winners (2)

हेल्पलाइन व शिविरों से गांव-गांव तक पहुंचेगा समाधान

धामी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे माध्यमों से शिकायतों के समाधान को प्रभावी बनाया जा रहा है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत शासन-प्रशासन के अधिकारी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्रों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविरों के साथ स्वास्थ्य व बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो पदक विजेताओं से मिले सीएम

जनसुनवाई के दौरान ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026’ में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक हासिल किया। धामी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अपर सचिव जेसी कांडपाल, डीएम डॉ. आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  'परीक्षा पर चर्चा' कार्यकम में पहुंचे धामी, छात्रों से कहा... घबराएं नहीं, परीक्षा परिपक्व होने का अवसर

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link