
लखनऊ, 22 सितंबर 2026:
UP Assembly Elections 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने के साथ ही सपा और भाजपा गठबंधन के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। सपा नेता एवं विधायक इंद्रजीत सरोज के मंत्री पद संबंधी बयान को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।
मंत्री राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा, ‘अरे अखिलेश जी! आप तो कमाल करते ही हैं, आपकी पार्टी के नेता तो कमाल के साथ धमाल भी कर देते हैं।’ उन्होंने इंद्रजीत सरोज के उस बयान को निशाने पर लिया जिसमें सरोज ने 2027 में सपा की सरकार बनने पर मंत्री बनने की बात कही थी।
मालूम हो कि कौशांबी में गत दिनों हुए सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन का एक वीडियो सामने आया है। इसमें इंद्रजीत सरोज कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर 2027 में सपा की सरकार बनती है तो उन्हें मंत्री बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। इसी संबोधन में उन्होंने रोजगार और जिले के विकास की बात करते हुए JCB, डंपर और बालू को लेकर भी टिप्पणी की।
इसी को आधार बनाकर राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि चुनाव अभी दूर है और जनता का फैसला आना बाकी है, फिर सपा में अभी से मंत्री पद और विभागों को लेकर चर्चा क्यों शुरू हो गई? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार बनने से पहले ही मंत्री पद और बालू-मिट्टी का ‘हिसाब-किताब’ लगाया जा रहा है।
अरे अखिलेश जी!
आप तो कमाल करते ही हैं, आपकी पार्टी के नेता तो कमाल के साथ धमाल भी कर देते हैं। अब देखिए पहले आप आज़म ख़ान को गृह मंत्री बनाने का सपना देख रहे थे तो अब विधायक अभी से मंत्री बनने के सपने देखने लगे। ये
आपकी पार्टी के महासचिव और विधायक इंद्रजीत सरोज अभी से बता दिए…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) September 22, 2026
ओमप्रकाश राजभर ने आगे लिखा कि इंद्रजीत सरोज की भी क्या गलती, आखिर ‘दस साल सत्ता से बाहर रहना लंबा समय होता है।’ उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए पूछा कि 2027 के लिए और किस-किस को कौन-कौन से विभाग ‘सपने में’ बांट रखे हैं।
अपने पोस्ट के आखिर में राजभर ने कटाक्ष करते हुए लिखा कि ‘चच्चू भी अपने विभाग का इंतजार कर रहे हैं।’ उन्होंने व्यंग्य किया कि सपने में ही सही, यह बता दिया जाए कि विभाग PWD मिलेगा या सिंचाई।






