
अनिल निषाद
अयोध्या, 23 सितंबर 2026ः
यूपी के अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आए घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई के बाद सियासी गरमा गई है। विपक्षी दल इस मामले को लेकर योगी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इसी क्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद स्थानीय सांसद अवधेश प्रसाद पीड़ित परिवारों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। जनौरा नाका स्थित कार्रवाई स्थल पर सांसद ने प्रभावित परिवारों के साथ धरना दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान लोगों के मकान उजाड़ दिए गए और उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर वह धरने पर बैठे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों के साथ अन्याय और दमन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की आवाज उठाना समाजवादी पार्टी की जिम्मेदारी है। वहीं, पूरे मामले को लेकर डीएम शशांक त्रिपाठी का भी बयान सामने आया है। डीएम के मुताबिक 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आ रहे अतिक्रमण को हटाया गया है।
डीएम ने बताया कि गठित कमेटी के सर्वे और उसकी संस्तुति के बाद कार्रवाई की गई और हाईकोर्ट के निर्देश के बाद इसे आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को मुआवजे की बातचीत के लिए बुलाया गया है। प्रशासन की ओर से जल्द ही पात्र प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बता दें कि जिला प्रशासन ने जनौरा नाका के पास नजूल की जमीन पर बने कई मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया था। इसका वहां रह रहे लोगों ने विरोध किया था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने अतिक्रमण को हटाया है।






