Ayodhya

अयोध्या के प्रवेश द्वार को मिली भव्य पहचान, 20 करोड़ की लागत से तैयार हुआ शानदार गेट कॉम्प्लेक्स

लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर दो भव्य प्रवेश द्वार बने आकर्षण का केंद्र, आधुनिक सुविधाओं से लैस परियोजना पर्यटन और स्थानीय कारोबार को देगी नई रफ्तार

अयोध्या, 11 जून 2026:

यूपी की रामनगरी अयोध्या को एक और नई पहचान मिल गई है। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर फिरोजपुर गांव के पास 20.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य गेट कॉम्प्लेक्स और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह परियोजना अब अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भव्य स्वागत द्वार के रूप में तैयार है। हाईवे के दोनों ओर बनाए गए विशाल प्रवेश द्वार मार्ग की सुंदरता बढ़ाने के साथ अयोध्या की सांस्कृतिक गरिमा और आधुनिक विकास की झलक भी पेश कर रहे हैं।

राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिली है। इसी क्रम में पर्यटन विभाग की यह महत्वाकांक्षी परियोजना शहर को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। प्रवेश द्वार परिसर में पारंपरिक भारतीय वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। यह पहली ही नजर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है।

परियोजना के तहत भव्य गेट बनाने के साथ सड़क निर्माण, सुव्यवस्थित पार्किंग, सीवर लाइन, ड्रेनेज सिस्टम, सिंचाई व्यवस्था, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, फायर फाइटिंग सिस्टम और इंटरनल इलेक्ट्रिफिकेशन जैसे कार्य भी पूर्ण किए गए हैं। परिसर में हरित क्षेत्र विकसित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। बाउंड्रीवॉल पूरे परिसर को सुरक्षित और व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करती है।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की इस परियोजना को यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्धारित समय से पहले पूरा किया गया। परियोजना का कार्य 1 नवंबर 2023 को शुरू हुआ था। 28 फरवरी 2026 को इसका निर्माण पूर्ण कर लिया गया। वर्तमान में हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है।

परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा के अनुसार गेट कॉम्प्लेक्स में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रेनवाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की गई है। आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम और पर्याप्त विद्युतीकरण इसे सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाते हैं। जल्द ही इसके उद्घाटन की उम्मीद है। इसके शुरू होने के बाद अयोध्या आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। स्थानीय व्यापार, होटल और परिवहन क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button