
ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर 2026:
यूपी के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात नई दिल्ली कश्मीरी गेट से महोबा जा रही स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों ने खिड़कियों से निकलकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामले में बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।

20 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित निकाला
Yamuna Expressway : जेवर क्षेत्र में आग की लपटों से घिरी बस की सूचना मिलते ही पुलिस, रेस्क्यू टीम और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेवर टोल पर मौजूद फायर टेंडर के साथ चार अन्य फायर टेंडर भी लगाए गए। टीमों ने आग बुझाने के साथ बस के अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिस के मुताबिक 20 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

आग बुझने के बाद अंदर मृत मिले नौ यात्री
आग बुझने के बाद फायरकर्मियों और पुलिस टीम ने धुएं के बीच बस के अंदर जाकर तलाशी ली। इस दौरान 9 लोग मृत मिले। ये सभी लोग बाहर नहीं निकल सके और जहरीले धुएं और आग ने उन्हें जिंदा लील लिया। बुरी तरह जले इन शवों के साथ इनका सामान भी खाक हो गया। इसलिए उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस सही सलामत बचे लोगों से बातचीत कर उनकी पहचान की कोशिश कर रही है। शवों को जेवर के कैलाश अस्पताल भेजा गया है। यहीं पर मृतकों की पहचान होने का इंतजार किया जा रहा है।

AC में स्पार्क के बाद इंजन ऑयल में लगी आग
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जाहिर की गई है कि बस के AC में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लग गई। इसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। बस के अंदर भारी मात्रा में लगेज भरा होने से आग फैलने में काफी मदद मिली। हालांकि आग का सटीक कारण जांच के बाद ही साफ होगा। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 24, 2026
यात्रियों ने आग भड़कने से पहले जलने की गंध की दी थी सूचना
जेवर पुलिस की पूछताछ में पता चला कि हादसे से कुछ समय पहले यात्रियों को ड्राइवर केबिन की तरफ से कुछ जलने की गंध महसूस हुई थी। यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को इसकी जानकारी दी थी। शिकायत में आरोप है कि इसके बाद भी बस तुरंत नहीं रोकी गई। कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते बस आग की चपेट में आ गई। इस पहलू की पुलिस जांच कर रही है।
दिनांक 23/24.09.2026 की रात्री को थाना जेवर क्षेत्रांतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा की ओर जा रही थी, तभी 33 कि0मी0 माइलस्टोन के पास उक्त बस में अचानक से आग लग गयी। सूचना प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस उच्चाधिकारीगण मय स्थानीय पुलिस बल, रेस्क्यू… pic.twitter.com/8ImfJQAG57
— POLICE COMMISSIONERATE GAUTAM BUDDH NAGAR (@noidapolice) September 24, 2026
PM और CM ने जताया शोक, सहायता राशि देने का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए PMNRF से 2-2 लाख रुपये की सहायता का ऐलान किया है। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के इलाज को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
Distressed to hear about the loss of lives due to a fire tragedy on a bus in Greater Noida, Uttar Pradesh. Condolences to those who have lost their loved ones. Praying for the swift recovery of the injured.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin…
— PMO India (@PMOIndia) September 24, 2026
बस के चालक और परिचालक हिरासत में
जेवर पुलिस ने केस दर्ज कर बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। पुलिस आग लगने की वजह, यात्रियों की ओर से दी गई चेतावनी के बाद बस रोकने में हुई कथित देरी समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






