
प्रयागराज, 28 सितंबर 2026:
यूपी के प्रयागराज में एक कमरे में छिपाकर रखी गई एक करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की Codeine Cough Syrup की खेप मिलने से अवैध दवा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पता चला है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में STF और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मकान के कमरे पर छापा मारा। तलाशी में बड़ी संख्या में कोडीन कफ सिरप की शीशियां मिलीं। मौके से तीन लोगों को पकड़ा गया है।
कमरे में छिपी थी करोड़ों की खेप
STF को सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट इलाके के एक मकान के कमरे में बड़ी मात्रा में कोडीन कफ सिरप अवैध तरीके से स्टोर की गई है। सूचना के आधार पर टीम ने एयरपोर्ट थाना पुलिस को साथ लिया और बताए गए ठिकाने पर पहुंची। कमरे की तलाशी शुरू होते ही वहां रखी कफ सिरप की बड़ी खेप सामने आ गई। बरामद सिरप की कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी वास्तविक मात्रा और कीमत का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
दिल्ली से प्रयागराज, फिर कई राज्यों तक सप्लाई
जांच में सामने आया है कि तस्करी से जुड़ा नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ से कोडीन कफ सिरप की खेप प्रयागराज मंगाता था। इसके बाद शहर के अलग-अलग ठिकानों पर इसे स्टोर किया जाता था। मांग के मुताबिक यहां से यूपी के अलग-अलग जिलों में सिरप भेजे जाने की जानकारी मिली है। STF को यह भी इनपुट मिला है कि सप्लाई नेटवर्क प्रयागराज से आगे मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड तक फैला हुआ है। अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इन राज्यों में किन लोगों तक खेप पहुंचाई जाती थी।
तीन लोगों से पूछताछ, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
छापेमारी के बाद पकड़े गए तीन लोगों से देर रात तक पूछताछ चलती रही। टीम यह पता कर रही है कि कमरे में रखी सिरप की खेप किससे मंगाई गई थी, इसे प्रयागराज तक कौन पहुंचाता था और यहां से आगे किन लोगों को सप्लाई की जानी थी।
पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और उनके ठिकानों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। STF और एयरपोर्ट पुलिस प्रयागराज के साथ दूसरे जिलों और राज्यों में जुड़े लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
ड्रग इंस्पेक्टर ने संभाली जांच
कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर की टीम भी मौके पर पहुंची। बरामद कफ सिरप की जांच के साथ उसकी मात्रा का मिलान किया जा रहा है। STF, एयरपोर्ट थाना पुलिस और ड्रग विभाग की टीम देर रात तक कार्रवाई की लिखा-पढ़ी में जुटी रही। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए लोगों की पहचान और बरामद सिरप की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद खेप की वास्तविक मात्रा, कीमत और तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी दूसरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।






