National

Israel Election : नेतन्याहू का गठबंधन बहुमत से दूर, अरब पार्टियों को 19 सीटें, विदेशी दखल के आरोपों से सियासी घमासान

अब तक के रुझानों में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 और विपक्ष को 48 सीटें मिलने का अनुमान, सरकार बनाने के लिए 61 का आंकड़ा जरूरी, वोट खरीदने के आरोप में राअम पार्टी के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार

न्यूज डेस्क, 29 अक्टूबर 2026:

इजराइल के संसदीय चुनाव के नतीजों को लेकर सियासी तस्वीर गुरुवार शाम तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाई। मतगणना के अब तक के आंकड़ों के मुताबिक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें, जबकि विपक्षी गठबंधन को 48 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, अरब पार्टियों के खाते में 19 सीटें जाने का अनुमान है। दोनों प्रमुख गठबंधन बहुमत के जरूरी आंकड़े से दूर हैं। ऐसे में सरकार गठन को लेकर जोड़तोड़ तेज होने के आसार हैं। इस बीच चुनाव में विदेशी दखल और वोट खरीदने के आरोपों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।

चुनाव के बाद सामान्य मतपत्रों की गिनती पूरी हो चुकी है। अब सैन्य ठिकानों, जेलों और अस्पतालों में बनाए गए विशेष मतदान केंद्रों के वोटों समेत दोहरे लिफाफों वाले मतपत्रों की गिनती जारी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि यह प्रक्रिया देर शाम तक पूरी हो जाएगी। इसके बाद अंतिम आधिकारिक नतीजे जारी किए जा सकते हैं।

अरब नागरिकों को फंडिंग के आरोप, जांच की मांग

चुनाव परिणामों के बीच विदेशी हस्तक्षेप की आशंका भी सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक इजराइल के चुनाव आयोग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को संदेह है कि कतर और तुर्किये से इजराइल और वेस्ट बैंक में धन भेजा गया जिसका इस्तेमाल अरब नागरिकों की फंडिंग के लिए किया गया। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

ये भी पढ़ें:

israel-election-result-netanyahu-gathbandhan-arab-parties (2)

Advertisement

इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने विदेशी दखल के आरोपों की जांच की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपों के आधार पर पूरे अरब समुदाय को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए। हर्जोग ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों को कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए लेकिन मतदान हर नागरिक का अधिकार है।

अरब पार्टी के नेता का नेतन्याहू पर हमला

चुनावी नतीजों को लेकर बलाद पार्टी के प्रमुख सामी अबू शहादेह ने नेतन्याहू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘आप चुनाव हार गए हैं। घर जाइए।’ अबू शहादेह ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू विदेशी हस्तक्षेप और वोट खरीदने के आरोप लगाकर चुनाव परिणामों को खारिज करने का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

दूसरी ओर वोट खरीदने के आरोप में राअम पार्टी के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक इन पर चुनाव के दौरान मतदाताओं को पैसे देने की कथित साजिश में शामिल होने का संदेह है। यह मामला चुनाव के दिन गिरफ्तार किए गए तीन बेदुइन लोगों से जुड़ा बताया गया है।

उन पर राअम पार्टी के पक्ष में वोट देने के लिए मतदाताओं को पैसे देने की योजना बनाने का आरोप था। राअम पार्टी ने गिरफ्तार लोगों को अपना कार्यकर्ता बताया है लेकिन उन पर लगे आरोपों को खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि चुनावी धांधली से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

israel-election-result-netanyahu-gathbandhan-arab-parties (3)

सरकार बनाने के लिए मिलेंगे 42 दिन

इजराइल में सरकार बनाने के लिए राष्ट्रपति किसी नेता को शुरुआत में 28 दिन का समय देते हैं। जरूरत पड़ने पर इसमें 14 दिन की अतिरिक्त मोहलत दी जा सकती है। इस तरह सरकार गठन के लिए कुल 42 दिन मिल सकते हैं।

सरकार बनाने के लिए संसद में 61 सदस्यों का समर्थन जरूरी

सरकार बनाने के लिए संसद में आम तौर पर 120 में से कम से कम 61 सदस्यों का समर्थन जरूरी होता है। इसके लिए संबंधित नेता को दूसरी पार्टियों से बातचीत कर गठबंधन और सत्ता-साझेदारी पर सहमति बनानी होगी। मंत्रिपदों और नीतिगत मुद्दों पर समझौते भी अहम होंगे। यदि कोई गठबंधन बहुमत नहीं जुटा पाता तो अल्पमत सरकार या प्रधानमंत्री पद साझा करने जैसे विकल्पों पर भी विचार हो सकता है। फिलहाल अंतिम नतीजों और राजनीतिक दलों के बीच संभावित गठबंधनों पर सबकी नजरें टिकी हैं।

ये भी पढ़ें  World Cup 2025: साउथ अफ्रीका ने टॉरगेट चेज कर दर्ज की 3 विकेट से जीत... भारत की हैट्रिक के अरमान पर पानी फेरा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link