Lucknow City

68500 शिक्षक भर्ती : करवा चौथ पर अभ्यर्थियों का अनोखा विरोध, बेसिक शिक्षा मंत्री का करेंगे दीदार

आरक्षण की कथित गड़बड़ी के विरोध में ईको गार्डन में क्रमिक भूख हड़ताल जारी, चौथे दिन दो अभ्यर्थियों की बिगड़ी तबीयत, 1 नवंबर से आंदोलन के नेतृत्वकर्ताओं ने भूख हड़ताल का किया ऐलान

लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026:

उत्तर प्रदेश में 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की कथित गड़बड़ी का मामला सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। नियुक्ति की मांग को लेकर लखनऊ के ईको गार्डन में एक सितंबर से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने अब विरोध का अनोखा तरीका अपनाया है। करवा चौथ के अवसर पर आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने चलनी से बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का दीदार कर पर्व मनाने और जल्द नियुक्ति का शेड्यूल जारी होने की प्रार्थना करने का ऐलान किया है।

अभ्यर्थी 26 अक्टूबर से क्रमिक भूख हड़ताल पर हैं। गुरुवार को लगातार चौथे दिन भूख हड़ताल कर रहे दीपक पटेल (चित्रकूट) और नसीम फरीदी (बरेली) की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को एंबुलेंस से लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा और तूफान सिंह ने कहा कि भर्ती में हुई त्रुटि और अभ्यर्थियों के साथ अन्याय की बात मंत्रियों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा स्वीकार किए जाने के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि बेसिक शिक्षा मंत्री न तो अभ्यर्थियों से मुलाकात कर रहे और न ही नियुक्ति को लेकर कोई समयसीमा बता रहे हैं।

68500-shikshak-bharti-arakshan-virodh-karwa-chauth (2)

ये भी पढ़ें:

धरना स्थल पर बस्ती से आईं विवाहित अभ्यर्थी गायत्री जायसवाल विधि-विधान से करवा चौथ मनाकर फोन पर पति का दीदार करेंगी। वहीं, अविवाहित अभ्यर्थी रंजना जायसवाल और सुमन यादव भर्ती के ज्ञापन को देखकर पर्व मनाएंगी। विवाहित पुरुष अभ्यर्थी विनोद प्रजापति और घनश्याम यादव भी फोन के माध्यम से अपनी पत्नियों का दीदार कर व्रत संपन्न कराने की बात कह रहे हैं।

Advertisement

अन्य अविवाहित अभ्यर्थियों ने चलनी से बेसिक शिक्षा मंत्री का दीदार कर विरोध जताने का निर्णय लिया है। उनकी मांग है कि मंत्री, मुख्यमंत्री से सार्थक वार्ता कर नियुक्ति का शेड्यूल जल्द जारी करवाएं जिससे वे दीपावली अपने परिवार के साथ मना सकें। इसी बीच आशुतोष वर्मा और धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने एक नवंबर से क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ : मारुति के सर्विस सेंटर में धधकी आग, इलाके में हाहाकार, दो कारें और लाखों का सामान खाक

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link