Lucknow City

Dhanteras पर UP की मंडियों में मनेगा दीपोत्सव, किसानों को मिलेंगे चेक, उत्कृष्ट व्यापारी होंगे सम्मानित

स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान के तहत 6 नवंबर को प्रदेशव्यापी आयोजन, मंडियों को सजाने के साथ स्वच्छता और बेहतर व्यापारिक व्यवहार को मिलेगा बढ़ावा, आयोजन के लिए मंडियों को 10 से 20 हजार रुपये तक की मंजूरी

लखनऊ, 31 अक्टूबर 2026:

यूपी की मंडियां इस धनतेरस पर दीपों की रोशनी से जगमगाएंगी। प्रदेश में किसान कल्याण, स्वच्छता और बेहतर व्यापारिक माहौल को बढ़ावा देने के लिए मंडी परिषद ने बड़ा आयोजन करने की तैयारी की है। इसके तहत छह नवंबर को धनतेरस के अवसर पर प्रदेश की सभी मंडी समितियों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान के तहत होने वाले इस आयोजन में किसानों और व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। वहीं, स्वच्छता और बेहतर व्यापारिक व्यवहार में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

यूपी मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी मंडी समितियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, किसानों, व्यापारियों और मंडी समितियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा। सरकार की मंशा मंडियों को केवल कृषि उपज की खरीद-बिक्री का केंद्र बनाने तक सीमित न रखते हुए उन्हें स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सकारात्मक कार्यस्थल के रूप में विकसित करने की है।

किसानों को मिलेंगे कल्याणकारी योजनाओं के चेक

दीपोत्सव के दौरान सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मंडी परिषद की मुख्यमंत्री कृषक कल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से धनराशि के चेक अथवा प्रारूप चेक वितरित किए जाएंगे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे किसानों तक योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

ये भी पढ़ें:

सफाई में बेहतर काम करने वालों का होगा सम्मान

मंडियों में स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों और व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा समय से भुगतान करने वाले और व्यापारिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले व्यापारियों को भी प्रशस्ति-पत्र और उपयुक्त सम्मान सामग्री देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका मकसद मंडियों में साफ-सफाई के साथ जिम्मेदार और पारदर्शी व्यापारिक व्यवहार को बढ़ावा देना है।

Advertisement

मंडियों को सजाने के लिए 20 हजार रुपये तक मंजूर

दीपोत्सव पर मंडियों को दीपों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही मंडी परिषद की योजनाओं और स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान के तहत किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार होगा। आयोजन के लिए हर विशेष मंडी को 20 हजार रुपये और अन्य मंडियों को 10 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। सभी मंडी समितियों को आयोजन और सम्मानित किसानों एवं व्यापारियों का विवरण मुख्यालय भेजना होगा। कार्यक्रम की निगरानी के लिए संबंधित संभाग के संभागीय उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

ये भी पढ़ें  कार्यशाला में योगी की हिदायत, बोले- दफ्तरों के चक्कर कटवाने वालों की खैर नहीं, काम से तय होगी अफसरों की तरक्की

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link