Gorakhpur News : जनता दर्शन में CM योगी का सख्त संदेश, बोले- जमीन पर कब्जा करने वालों की जगह सिर्फ जेल में
दिव्यांग महिला के भाई को नौकरी दिलाने की पहल, इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा, महराजगंज की महिला ने बताई पारिवारिक समस्या

गोरखपुर, 2 नवंबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खुद फरियादियों के पास पहुंचे। उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को समय पर समाधान कराने के निर्देश दिए।
जमीन कब्जाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों की जांच कराकर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध कब्जा करने वाले भूमाफिया को जेल भेजा जाए। किसी की जमीन खाली कराने में लापरवाही न हो। भूमाफियाओं की जगह सिर्फ जेल में है वो असली मालिक को तंग न करने पाएं।

दिव्यांग महिला के भाई को नौकरी दिलाने का भरोसा
एक दिव्यांग महिला ने अपनी आर्थिक परेशानी बताते हुए भाई के लिए नौकरी की मांग की। मुख्यमंत्री ने उसके भाई की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसे कहीं काम दिलाने की व्यवस्था की जाए। महराजगंज से आई एक महिला ने परिवार के लोगों पर प्रताड़ित करने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को परिवार के लोगों को बुलाकर मामला सुलझाने को कहा।
जनसेवा ही प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज @GorakhnathMndr परिसर में आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में गो-सेवा भी की।
#JantaDarshanUP
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) November 2, 2026
इलाज के लिए आर्थिक मदद के निर्देश
कई फरियादियों ने परिजनों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मरीजों के इलाज का इस्टीमेट बनवाकर सहायता उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि थानों और तहसीलों में ही लोगों की शिकायतें सुनी जाएं, ताकि किसी को अपनी समस्या लेकर भटकना न पड़े।
बच्चों को चॉकलेट दी, गोशाला में गायों को खिलाई रोटी
जनता दर्शन में महिला फरियादियों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्हें चॉकलेट भी दी। इससे पहले वह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे, जहां गायों को गुड़ और रोटी खिलाई। मुख्यमंत्री ने एक-एक गाय को अपने हाथों से खाना दिया।






