Ayodhya Deepotsav : योगी बोले- कुम्हारों और कारोबारियों को मिल रहे अवसर, सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा- 2017 से पहले रामनगरी अयोध्या में नहीं था दीपोत्सव का प्रकाश, दीपोत्सव को आस्था के साथ अर्थव्यवस्था से जोड़ा

लखनऊ, 2 नवंबर 2026:
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अयोध्या पहुंचने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दीपोत्सव की महत्ता बताई। उन्होंने दीपोत्सव को धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को मजबूत करने वाला आयोजन बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का भव्य दीपोत्सव केवल लाखों दीपों से रामनगरी को रोशन करने तक सीमित नहीं है। इससे कुम्हारों, किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों की आजीविका को भी नई ऊर्जा मिल रही है।
योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि यहां प्रज्ज्वलित होने वाला हर दीप किसी कुम्हार के श्रम, किसी किसान की उपज और किसी परिवार की आजीविका को नया प्रकाश दे रहा है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय रामनगरी की अपार सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने की कोई पहल नहीं की गई थी। आस्था के सामर्थ्य को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का भी अभाव था।
दीपोत्सव से बढ़ रहे रोजगार और कारोबार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस अंधकार को दूर किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में लाखों दीपों से जगमगाने वाला दीपोत्सव आज कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम तथा कारोबार के नए अवसर पैदा कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस दीये से अयोध्या जगमगाती है उसी से किसी श्रमशील परिवार के घर में खुशहाली की उम्मीद भी जागती है। इस तरह दीपोत्सव आस्था, परंपरा, रोजगार और आर्थिक समृद्धि का संगम बन रहा है।






