Hardoi News : दौड़ती बोलेरो में तमंचे से चली गोली, छात्र की मौत, घायल साथी ने बताई ये कहानी
सांडी से लौटते वक्त दुर्गागंज के पास हुआ हादसा, बोलेरो से तमंचा और कारतूस मिले, पुलिस का दावा गोली नहीं चली गाड़ी अन्य वाहन से टकराई

हरदोई, 2 नवंबर 2026:
यूपी के हरदोई में सड़क पर फर्राटा भर रही बोलेरो में गोली चलने से BSC प्रथम वर्ष के 18 वर्षीय छात्र सोनू की मौत हो गई, जबकि उसका साथी रोहित (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में उन्नाव-कटरा मार्ग पर दुर्गागंज के पास हुई। घायल रोहित का कहना है कि बोलेरो में सवार युवक तमंचे की जांच कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई। वहीं, पुलिस गोली चलने की बात को खारिज करते हुए बोलेरो के ट्रक से टकराने को हादसे की वजह बता रही है। गाड़ी से तमंचा और कारतूस मिलने के बाद पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
तमंचा देखने के लिए सांडी से निकले थे चारों
मृतक छात्र सोनू हरपालपुर क्षेत्र के गुलौली गांव में रहने वाले अनिल कुमार का बेटा था। अनिल अरवल थाने में होमगार्ड की ड्यूटी करता है। रोहित के मुताबिक, रविवार देर शाम वह सोनू, उर्वेश (33) और एक अन्य साथी के साथ बोलेरो से सांडी गए थे। वहां उर्वेश ने फोन पर बात करने के बाद एक व्यक्ति से तमंचा लिया। इसके बाद सभी लोग तमंचे की जांच करने के लिए बिलग्राम की तरफ चल दिए। बोलेरो सोनू चला रहे थे, जबकि रोहित आगे की सीट पर उनके पास बैठे थे।

दुर्गागंज के पास अचानक चल गई गोली
रोहित का दावा है कि दुर्गागंज के पास उर्वेश तमंचा देख रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सोनू को लग गई। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। इसके बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर आगे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। रोहित के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद उर्वेश और चौथा साथी मौके से भाग निकले। हादसे में रोहित भी घायल हो गए।
पुलिस बोली, ट्रक में पीछे से घुसी थी बोलेरो
बिलग्राम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने गोली चलने की बात को खारिज किया है। उनका कहना है कि बोलेरो अनियंत्रित होकर पीछे से एक ट्रक में जा घुसी थी। इसी टक्कर में हादसा हुआ। हालांकि, बोलेरो से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। गाड़ी में ड्राइवर की सीट पर भी एक निशान मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।

मेडिकल कालेज में चल रहा घायल साथी का इलाज
घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस घायल रोहित को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। रोहित का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस की टीमें घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही हैं। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार के मुताबिक, परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






