Barabanki News : 11 साल की बच्ची की हत्या, कुएं में मिला शव, रेप की आशंका, पुलिस ने आरोपी को दबोचा, पैर में मारी गोली
रात में लापता हुई थी बच्ची, पिता ने गांव के युवक उत्तम सिंह पर लगाया था आरोप, आरोपी पर पहले दे दर्ज हैं कई मुकदमे
बाराबंकी, 6 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में 11 साल की बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हैदरगढ़ क्षेत्र के पालपुर गांव में लापता हुई बच्ची का शव गांव के पास एक कुएं में मिला। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी उत्तम सिंह ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुएं में मिला बच्ची का शव
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर की रात पालपुर गांव से 11 साल की बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। बच्ची के पिता ने गांव के ही उत्तम सिंह पर उसे गायब करने का आरोप लगाया था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। मौके पर डॉग स्क्वॉड, फील्ड यूनिट के साथ पांच पुलिस टीमें लगाई गईं। तलाशी के दौरान बच्ची का शव गांव के पास स्थित एक कुएं से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्ची के साथ रेप की आशंका भी व्यक्त की गई।
पोखरा के पास हुई मुठभेड़
बच्ची की मौत के मामले में नामजद उत्तम सिंह की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई गई थीं। पुलिस को उसकी लोकेशन मिलने पर टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान ग्राम पोखरा के पास आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।
चोरी और एनडीपीएस के मुकदमे भी दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तम सिंह पुत्र दिनेश सिंह के रूप में हुई है। वह पालपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
उसके खिलाफ वर्ष 2016 में रायबरेली के शिवगढ़ थाने में चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे। बच्ची की मौत के मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी।






