
हरदोई,12 मई 2025
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के मोहन खेड़ा मजरा पहाड़पुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित एक शादी समारोह में उस समय हंगामा मच गया, जब जयमाल की रस्म के दौरान दूल्हे ने दुल्हन को थप्पड़ जड़ दिया। इस अपमानजनक घटना के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दूल्हे की इस हरकत से घराती-बाराती आपस में भिड़ गए, जिसमें दुल्हन पक्ष के कई लोग घायल हो गए। घायलों में दुल्हन के पिता के भांजे सूरज, मुकेश, अशोक, दामाद सतीश और साढू की लड़की नैंसी शामिल हैं। सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से भरावन अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इंस्पेक्टर मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि शादी में हुए इस थप्पड़कांड की जांच जारी है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हा नशे की हालत में था और उसने काफी शराब पी रखी थी। मारपीट करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
14 दिसंबर को तय हुई इस शादी में बारात गंज भरावन से आई थी। समारोह की शुरुआत में द्वारचार की रस्म के दौरान ही दूल्हे के छोटे भाई सतीश ने बैंड-बाजे को लेकर विवाद खड़ा कर दिया। किसी तरह मामला शांत कराया गया, लेकिन जयमाल के दौरान फूलों की माला को लेकर फिर से विवाद भड़क गया, जिसके बाद दूल्हे ने गुस्से में आकर दुल्हन पर हाथ उठा दिया।
इस घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत हुई इस शादी का ऐसा अंत क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का कारण बन गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।






